कुल्लू से पति के साथ आई महिला के साथ सेक्टर 43 बस स्टैंड पर छेड़छाड़
कुल्लू से पति के साथ रविवार सुबह चंडीगढ़ सेक्टर-43 बस स्टैंड पहुंची महिला से छेड़छाड़ और अपशब्द बोलने का मामला सामने आया है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़: कुल्लू से पति के साथ रविवार सुबह चंडीगढ़ सेक्टर-43 बस स्टैंड पहुंची महिला से छेड़छाड़ और अपशब्द बोलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हालांकि, बस स्टैंड से दोनों फरार आरोपितों की पुलिस तलाश में लगी है। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने आरोपितों की पहचान बुक टिकट के माध्यम से अखाड़ा बाजार, कुल्लू निवासी संजीव कुमार और विकास शर्मा के रूप में की है। पुलिस ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है। कुल्लू निवासी दंपती चंडीगढ़ आने वाली बस में बैठे थे। दोनों आरोपित भी उनके पीछे वाली सीट पर एक साथ बैठे थे। बस निकलने के बाद उन्होंने गंदे कमेंट्स महिला पर करने शुरू कर दिए। इस दौरान महिला के पति ने विरोध भी किया। जिसके बाद आरोपित एक-दूसरे से अपशब्द में बातचीत कर महिला पर कमेंट्स करते रहे।
रविवार सुबह 6 बजे चंडीगढ़ सेक्टर-43 बस स्टैंड पर पहुंचने पर सभी बस से नीचे आकर खड़े हुए। इस दौरान दोनों आरोपित महिला से छेडख़ानी करने लगे। पति ने शिकायत तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम में दे दी। सूचना मिलने के बाद ही सेक्टर-43 बस स्टैंड की पुलिस पीसीआर कर्मियों समेत मौके पर पहुंची। लेकिन, तब तक दोनों आरोपित मौके से फरार हो चुके थे। प्राथमिक जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपितों का सीट नंबर लेकर बस स्टैंड पर डिटेल्स ली। आरोपितों ने टिकट ऑनलाइन बुक करवा रखा था।