Grain Market में जवान से टकराने के बाद महिला ने किया हंगामा, थप्पड़ भी मारे
मामला इतना बढ़ गया कि महिला व युवती ने जवानों को तक थप्पड़ जड़ दिए। महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम पर अपने साथ छेडछाड़ की सूचना भी दे दी।
जेएनएन, चंडीगढ़। सेक्टर-26 स्थित ग्रेन मार्केट में एक महिला व युवती शनिवार रात खरीदारी करने के लिए आई थी। इसी दौरान वहां पर आए हुए पैरामिलिट्री फोर्स के दो जवानों में से एक के साथ महिला की टक्कर हो गई और दोनों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि महिला व युवती ने जवानों को तक थप्पड़ जड़ दिए। महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम पर अपने साथ छेडछाड़ की सूचना भी दे दी। पुलिस दोनों जवानों को लेकर थाने पहुंची, जहां दोनों पक्षों में समझौता करवाकर मामला शांत करवाया।
शनिवार रात करीब 10 बजे पुलिस लाइन के गेट नंबर एक के पास दो दो युवकों में से एक साथ महिला की टक्कर हो गई। इसके बाद महिला ने खूब हंगामा किया और पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल कर उसके साथ दो युवकों द्वारा छेड़छाड़ करने की सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला और साथी युवती ने दोनों युवकों को कई थप्पड़ मारे। पुलिस ने महिला और युवती को ऐसा करने से रोका और बीच-बचाव करते हुए दोनों युवकों को पुलिस स्टेशन ले गए। मामले की जांच करने पर सामने आया कि यह दोनों युवक पैरामिलिट्री फोर्स के जवान हैं। दोनों ग्रेन मार्केट में किसी काम से आए थे। मार्केट में भीड़ होने के चलते एक जवान महिला से टकरा गया और इस बात को लेकर विवाद हो गया।
शनिवार रात महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम में छेड़छाड़ की सूचना दी थी। जांच में सामने आया कि मार्केट में ज्यादा भीड़ होने के चलते महिला और जवान की टक्कर हो गई थी। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद मामला सुलझा लिया गया।
-उमराव सिंह, डीएसपी, ईस्ट डिवीजन।