पूरे शहर की नजर: कौन होगा 26वां मेयर, इन चेहरों में चल रही है कुर्सी की दौड़ Chandigarh News
यह मेयर चुनाव इसलिए भी खास होगा क्योंकि इससे भाजपा चंडीगढ़ का अगला प्रदेशाध्यक्ष कौन बनेगा यह भी स्पष्ट हो जाएगा।
चंडीगढ़ [विशाल पाठक]। शहर का 26वां मेयर कौन होगा। इसको लेकर पूरे शहर की नजर मेयर चुनाव पर बनी हुई है। इस बार मेयर पद महिला पार्षद के लिए रिजर्व है। ऐसे में भाजपा से चार महिला पार्षद और कांग्रेस से दो महिला पार्षद मेयर की कुर्सी की दौड़ में है। क्योंकि नगर निगम में भाजपा के सर्वाधिक पार्षद हैं।
ऐसे में शहर का अगला मेयर भाजपा से ही होगा। भाजपा से मेयर पद के लिए हीरा नेगी, पूर्व मेयर राज बाला मलिक, सुनीता धवन और पूर्व मेयर आशा जसवाल प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। जबकि कांग्रेस की ओर से गुरबख्श रावत और रविंदर कौर गुजराल का नाम मेयर चुनाव के लिए सामने आया है। यह मेयर चुनाव इसलिए भी खास होगा क्योंकि भाजपा चंडीगढ़ का अगला प्रदेशाध्यक्ष कौन बनेगा, यह भी मेयर चुनाव से कहीं न कहीं यह स्पष्ट हो जाएगा। दरअसल, मेयर पद के लिए भाजपा पार्टी की ओर से जिस गुट से उम्मीदवार मेयर चुनाव के लिए उतारा जाएगा। उससे यह अनुमान लग जाएगा। कि पार्टी का अगला प्रदेशाध्यक्ष किस गुट से होगा।
भाजपा पांच जनवरी को अपने मेयर उम्मीदवार की करेगी घोषणा
भाजपा पार्टी पांच जनवरी को अपने मेयर उम्मीदवार की घोषण करेगी। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन की ओर से पार्टी प्रभारी प्रभात झा को भी मेयर चुनाव की तारीखों के बारे में जानकारी दे दी गई है। भाजपा चंडीगढ़ पार्टी प्रभारी पांच जनवरी को मेयर उम्मीदवार की घोषणा के लिए उपस्थित रहेंगे। पार्टी प्रभात झा भाजपा कार्यकर्ताओं, पार्षदों और सीनियर लीडरों की राय और सलाह लेने के बाद ही अपने उम्मीदवार की घोषणा करेंगे। भाजपा से इस बार तीन महिला पार्षद मेयर चुनाव की दौड़ में शामिल हैं। इनमें मेयर पद के लिए हीरा नेगी, राज बाला मलिक, सुनीता धवन और पूर्व मेयर आशा जसवाल को प्रबल दावेदार माना जा रहा है। इसके अलावा भाजपा पार्षद चंद्रवती शुक्ला और फरमिला देवी ने भी दावा ठोक दिया है। मेयर का उम्मीदवार तय करने के लिए पार्टी प्रभारी प्रभात झा खुद पांच जनवरी को शहर में उपस्थित रहेंगे।