चंडीगढ़ के जूडो कोच विवेक ठाकुर को मिली भारतीय जूनियर टीम की कमान, ताशकंद के लिए तराशेंगे खिलाड़ी
चंडीगढ़ के जूडो कोच विवेक ठाकुर को भारतीय जूनियर जूडो टीम का कोच नियुक्त किया गया है। वह ताशकंद में ...और पढ़ें

जूडो कोच विवेक ठाकुर।
HighLights
विवेक ठाकुर भारतीय जूनियर जूडो टीम के कोच नियुक्त।
ताशकंद विश्व चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों को तैयार करेंगे।
एंजेल यादव, इशरूप नारंग टीम में, एशियाई पदक विजेता।
जागरण संवाददाता,चंडीगढ़। शहर के जूडो कोच विवेक ठाकुर को जूडो फेडरेशन ऑफ इंडिया और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से भारतीय जूनियर जूडो टीम का कोच नियुक्त किया गया है। वह 18 से 22 नवंबर तक ताशकंद (उज्बेकिस्तान) में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय खिलाड़ियों को तैयार करेंगे।
भारतीय टीम का प्रशिक्षण शिविर एक से 18 नवंबर तक भोपाल में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 14 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। विश्व चैंपियनशिप में भारत के सात खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनमें पांच महिला खिलाड़ी शामिल हैं।
विवेक ठाकुर से कोचिंग ले चुकी एंजेल यादव (48 किलोग्राम) और इशरूप नारंग (78 किलोग्राम) भी टीम में चुनी गई हैं। दोनों एमसीएम डीएवी कॉलेज, सेक्टर-36 की छात्राएं हैं और एशियन जूडो चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी हैं।
विवेक ठाकुर वर्ष 2019 से सेक्टर-34 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कोच के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और राष्ट्रीय चैंपियन तैयार किए हैं।
एमेच्योर जूडो एसोसिएशन ऑफ चंडीगढ़ के महासचिव एनएस ठाकुर ने इस उपलब्धि पर विवेक ठाकुर और खिलाड़ियों को बधाई दी। विवेक ठाकुर ने खेल निदेशक सौरभ कुमार अरोड़ा और संयुक्त निदेशक डॉ. महिंदर सहित सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों का आभार जताया।