पीयू सीनेट के चार सदस्यों को उप राष्ट्रपति ने किया बर्खास्त, पढ़िए क्या है मामला Chandigarh News
बर्खास्त मेंबरों में डीएवी मैनेजमेंट कमेटी के प्रमुख पूनम सूरी का नाम भी शामिल है। इसके अलावा एम्स में कार्यरत डॉ. हरिवंश को भी कमेटी से हटाया गया है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के चांसलर एम वेंकैया नायडू ने शनिवार को सुप्रीम बॉडी सीनेट के चार नॉमिनेटेड मेंबरों को निष्कासित कर दिया। ये मेंबर पिछले एक साल से सीनेट की कोई भी मीटिंग को अटेंड नहीं कर रहे थे। जिसके चलते चांसलर ने चार सदस्यों को कमेटी से बर्खास्त कर दिया। जिसमें डीएवी मैनेजमेंट कमेटी के प्रमुख पूनम सूरी का नाम भी शामिल है। इसके अलावा एम्स में कार्यरत डॉ. हरिवंश को भी कमेटी से हटाया गया है। दो अन्य मेंबर जिन्होंने एक वर्ष से कोई भी सीनेट मीटिंग ज्वाइन नहीं की थी, उन्हें हटाया गया है। वहीं, इन चारों की जगह पर नए सदस्यों की नियुक्ति भी शनिवार को कर दी गई है। हालांकि नामों की पुष्टि नहीं हो पाई है।
पहली बार चांसलर ने लिया है एक्शन
पंजाब यूनिवर्सिटी सीनेट कमेटी में पहली बार है कि नॉमिनेट किए गए सदस्यों को चांसलर की तरफ से निष्कासित किया गया है। यह भी उल्लेखनीय है कि सीनेट की मीटिंग हर 3 महीने बाद होती है। इसमें 91 सदस्य होते हैं जिसमें से एक चौथाई सदस्य चांसलर के द्वारा ही नॉमिनेट किए जाते हैं। जिसमें पंजाब यूनिवर्सिटी के अलावा मान्यता प्राप्त 196 कॉलेजों के नियमों पर विचार-विमर्श और उन्हें फाइनल कर शुरू करने की मुहर लगाई जाती है।
तीन माह पहले नोटिस देना होता है जरूरी
चांसलर की तरफ से निष्कासित किए गए किसी भी मेंबर को पहले से कोई भी नोटिस जारी नहीं किया गया है। हालांकि प्रक्रिया के अनुसार निष्कासित किए जाने वाले मेंबर को 3 महीने पहले नोटिस देना अनिवार्य होता है।
2020 में होने हैं सीनेट के चुनाव
सीनेट के सदस्यों का चुनाव चार साल के लिए होता है। यह चुनाव वर्ष 2016 में हुआ था और भविष्य में 2020 में दोबारा से चुनाव होने हैं। पंजाब यूनिवर्सिटी की हिस्ट्री में पहली दफा है कि किसी मेंबर को चार साल के बीच में निष्कासित किया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नियुक्त किए गए चार सदस्यों में से केंद्रीय मंत्री सोमनाथ और पंजाब बीजेपी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र भंडारी का नाम शामिल है जोकि सीनेट की मीटिंग के सदस्य बनेंगे। वहीं, दिल्ली यूनिवर्सिटी के पूर्व वाइस चांसलर दीपक पेंटल को सीनेट कमेटी से हटाने की जानकारी है।
14 अगस्त को चांसलर ने पंजाब यूनिवर्सिटी किया था विजिट
पंजाब यूनिवर्सिटी चांसलर और देश के उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू 14 अगस्त को पंजाब यूनिवर्सिटी में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल बलराम दास टंडन की पहली पुणे जयंती पर मेमोरियल लेक्चर देने के लिए पंजाब यूनिवर्सिटी पहुंचे थे। पंजाब यूनिवर्सिटी में चांसलर का 4 महीनों के भीतर यह दूसरा दौरा था। इससे पहले चांसलर अप्रैल में हुई कन्वोकेशन में हिस्सा लेने के लिए पंजाब यूनवर्सिटी में आए थे।