चंडीगढ़ की वैधवी मामगैन बनीं राष्ट्रीय कैरम चैंपियन, दिल्ली की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तमुली को हराया
चंडीगढ़ की कैरम खिलाड़ी वैधवी मामगैन ने अखिल भारतीय ओपन कैरम टूर्नामेंट का महिला एकल खिताब अपने नाम किया। उन्होंने नई दिल्ली में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी देबजानी तमुली को हराकर राष्ट्रीय चैंपियन का गौरव हासिल किया।

ट्रॉफी लेते हुए कैरम खिलाड़ी वैधवी मामगैन।
HighLights
तीन गेम तक चला रोमांचक मुकाबला।
25-11 से जीत दर्ज कर चैंपियन बनीं।
यह जीत चंडीगढ़ के लिए गर्व की बात।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ की कैरम खिलाड़ी वैधवी मामगैन ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय ओपन कैरम टूर्नामेंट 2026-27 का महिला एकल खिताब अपने नाम कर लिया।
नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में वैधवी ने डिफेंस अकाउंट्स स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (डीएएससीबी), दिल्ली की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी देबजानी तमुली को हराया।
तीन गेम तक चले रोमांचक फाइनल में वैधवी को पहले गेम में 10-17 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, उन्होंने शानदार वापसी करते हुए दूसरा गेम 19-18 से जीत लिया। निर्णायक तीसरे गेम में वैधवी ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 25-11 से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
फाइनल से पहले वैधवी ने सेमीफाइनल में डीएएससीबी की गायत्री चटर्जी को सीधे दो गेमों में 25-0 और 25-2 से हराया था। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) संस्थान की खिलाड़ी रश्मि रंजन को तीन गेम के कड़े मुकाबले में 20-19, 15-25 और 25-2 से पराजित किया।
चंडीगढ़ की मौजूदा राज्य चैंपियन और शीर्ष रैंकिंग वाली खिलाड़ी वैधवी की इस उपलब्धि पर चंडीगढ़ कैरम एसोसिएशन के महासचिव महेश सेखड़ी और अध्यक्ष बैरी फ्रांसिस ने बधाई दी। उनकी उपलब्धि से अन्य लड़कियों और महिलाओं को भी कैरम अपनाने तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने की प्रेरणा मिलेगी।