UPSC Civil Services Result 2019: मोहाली की डॉ. दर्पण वालिया को मिली सफलता, आल इंडिया 80वां रैंक
UPSC Civil Services Result 2019 यूपीएससी में मोहाली की फेज 10 निवासी और पेशे से चिकित्सक डाॅ. दर्पण वालिया ने आल इंडिया 80वां रैंक हासिल किया है।
चंडीगढ़ [डाॅ. सुमित सिंह श्योराण]। UPSC Civil Services Result 2019: यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) ने सिविल सर्विसेज-2019 का रिजल्ट घोषित कर दिया है। मंगलवार दोपहर को घोषित रिजल्ट के बाद सफल उम्मीदवारों और उनके परिवार वालों को बधाइयों का दौर शुरू गया। मोहाली की फेज 10 निवासी और पेशे से चिकित्सक डाॅ. दर्पण वालिया ने आल इंडिया 80वां रैंक हासिल किया है।
डॉ. वालिया ने पटियाला के राजिंद्रा अस्पताल से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की है। दो सालों से वह सिविल सर्विसेज की तैयारी में जुटी थी। बीते साल चयन नहीं होने के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और इस बार बेहतर रैंक हासिल कर अब आइएएस में चयन हुआ है। डाॅ. दर्पण ने 2017 में ही अपनी डाॅक्टरी की पढ़ाई पूरी की और उसके साथ ही सिविल सर्विसेज के लिए भी तैयारी शुरू कर दी।
यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में सफलता के बाद परिवार के साथ दर्पण वालिया।
उन्होंने बताया कि परीक्षा में सेल्फ स्टडी और अनुशासन के साथ की गई तैयारी ही फायदा देती है। उधर चंडीगढ़ के सेक्टर-45 निवासी जसरूप कौर ने भी सिविल सर्विसेज में 144 वां रैंक हासिल किया है। हर साल सिविल सर्विसेज एग्जाम में ट्राईसिटी के युवाओं का काफी अच्छा प्रर्दशन रहता है। जानकारी अनुसार इस बार भी ट्राईसिटी से 80 से अधिक युवाओं ने मेन परीक्षा के बाद इंटरव्यू दिया था। इस बार भी डाॅक्टर और इंजीनियरिंग पेशे से जुड़े युवाओं ने ही सिविल सर्विसेज में बेहतर प्रर्दशन किया है। ट्राईसिटी से हर साल 10 हजार से अधिक कैंडीडेट्स और देश भर से दस लाख के करीब युवा सिविल सर्विसेज के लिए आवेदन करते हैं।
टाॅप 10 में नहीं कोई शामिल
अभी तक मिली जानकारी अनुसार सिविल सर्विसेज एग्जाम के रिजल्ट में चंडीगढ़ से कोई भी कैंडीडेट टाॅप टेन में जगह नहीं बना पाया है। एक समय ऐसे भी था जब टाॅप 10 में चंडीगढ़ का जलवा रहता था। बीते साल अमृतपाल कौर ने 44वां, नुपुर गोयल ने 246 रैंक हासिल किया था। चंडीगढ़ की प्रीति यादव ने आॅल इंडिया 466वां रैंक हासिल कर आईपीएस में चयनित हुई थी।
सिविल सर्विसे में 829 का हुआ चयन
यूपीएससी की ओर से जारी मेरिट लिस्ट में इस बार कुल 829 कैंडी़डेट्स का आईएएस,आईएफएस, आईपीएस और अन्य ए और बी कैटेगरी में चयन हुआ है। आईएएस में 180, आईएफएस में 24, आईपीएस में 150 और सेंट्रल सर्विसेज ग्रुप ए में 438 कैंडीडेट्स का चयन हुआ है। इस बार लिखित परीक्षा के बाद फरवरी से अगस्त 2020 तक इंटरव्यू का दौर चला। कोरोना काल के कारण मार्च के अंत और अप्रैल में होने वाले इंटरव्यू पोस्टपोन करने पड़े थे।