केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर बोले- विपक्ष किसानों को बेवजहा भड़का रहा, मंडी व्यवस्था रहेगी लागू
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ठाकुर ने कहा कि मंडी व्यवस्था पहले की तरह लागू रहेगी। बस एक और रास्ता किसानों के लिए खोला गया है ताकि उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आ सके। वेबिनार में चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने भी संबोधित किया।
चंडीगढ़, जेएनएन। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने वीरवार को कहा कि विपक्ष कृषि सुधार कानूनों पर किसानों के बेवजह भड़काने में लगा है। प्रधानमंत्री मोदी बार-बार यह आश्वासन दे चुके हैं कि एमएसपी पहले भी थी और आगे भी लागू रहेगी। मंडी व्यवस्था पहले की तरह लागू रहेगी। बस एक और रास्ता किसानों के लिए खोला गया है ताकि उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आ सके। ठाकुर भाजपा की ओर से मनाए जा रहे देशव्यापी आत्मनिर्भर सप्ताह के तहत एक वेबिनार में संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सही अर्थ यह होता है कि कोई भी व्यक्ति, गांव या देश किसी दूसरे पर निर्भर न होकर खुद पर निर्भर रहे। यदि हमारा शहर या देश आत्मनिर्भर रहेगा तो हमें किसी दूसरे देश की ओर नहीं देखना पड़ेगा। देश की अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने के लिए ही प्रधानमंत्री मोदी ने आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत बीस लाख करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की है। आत्मनिर्भर भारत स्कीम के तहत बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन वर्कर फंड में 40 हजार करोड़ , उनके स्वास्थ्य के लिए 15 हजार करोड रुपये का प्रावधान किया गया है। आठ करोड़ गैस सिलेंडर दिए गए हैं। व्यापारी वर्ग के लिए बहुत सुविधाएं दी गई है। वेबिनार में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के उपमहाप्रबंधक बालाचंद्रण, भारतीय स्टेट बैंक के उप महाप्रबंधक ललित मोहन ने भी संबोधित किया।
पीएम मोदी की दूरदर्शी सोच के कारण भारत में हुई कम मौतेंः सूद
भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत प्रधानमंत्री मोदी का ऐसा सपना है जिससे हर भारतवासी आत्मनिर्भर बनेगा और हम दूसरों पर निर्भर होना छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच की वजह से ही भारत में अन्य देशों के मुकाबले कोरोना मृतकों की संख्या कम है। वेबिनार में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद, संगठन महामंत्री दिनेश कुमार, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन, सांसद किरण खेर, पूर्व सांसद सत्यपाल जैन, भाजपा महामंत्री चंद्रशेखर, रामवीर भट्टी, प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चंद जैन, धीरेंद्र तायल, गुरप्रीत ढिल्लों, नरेश अरोड़ा, शिप्रा बंसल और गौरव गोयल ने भी भाग लिया।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें