विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 27, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

चंडीगढ़ में ज्वेलरी शोरूम में सवा करोड़ के गहने चोरी, दुकान पर काम करने वाले कारीगर ने की वारदात

By Ankesh ThakurEdited By:
Published: Sun, 27 Jun 2021 11:32 AM (IST)Updated: Sun, 27 Jun 2021 02:25 PM (IST)

शोरूम में इस बड़ी चोरी की घटना को इसी शोरूम में काम करने वाले एक कारीगर ने अंजाम दिया है। ...और पढ़ें

वारदात की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।
वारदात की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।

विशाल पाठक, चंडीगढ़। चंडीगढ़ में एक बार फिर बड़ी चोरी की घटना हुई है। सेक्टर-23 स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपित शोरूम की तिजोरी काटकर करीब सवा करोड़ रुपये के जेवर चोरी कर फरार हो गया। सेक्टर-23 स्थित यह शोरूम बंगाली कारीगर का है, जिसमें यह घटना हुई है। वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एसपी, डीएसपी सहित एसएचओ सहित पूरी पुलिस टीम भी पहुंची है। वहीं, फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के इलाके में सर्च अभियान शुरू कर दिया है। वहीं, चंडीगढ़ समेत पूरी ट्राईसिटी में अलर्ट जारी कर दिया है।

सेक्टर 23 के एससीओ नंबर 45 स्थित महालक्ष्मी डायमंड ज्वेलर्स  में सवा करोड़ के गहनों की चोरी हुई है। बड़ी बात यह है कि शॉप के मालिक अनूप कोहली ने बताया कि जिस कारीगर ने तिजोरी तोड़कर सवा करोड़ रुपये के गहनों की चोरी की है उसका कल जन्मदिन था। दुकान में देर रात उस कारीगर ने अपने बाकी साथी कारीगरों को  बर्थडे पार्टी दी। इस बर्थडे पार्टी में आरोपित कारीगर में बाकी कारीगर साथियों को कोक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया जिससे कि सभी कारीगर बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपित कारीगर ने करीब 50 किलो वजन की तिजोरी को कटर से काटकर उसमें रखे सवा करोड़ के गहने व डायमंड चोरी कर फरार हो गया।

तिजोरी को कटर से काटर बाथरूम में फेंक कर फरार हुआ आरोपित।

कोलकाता का रहने वाला है आरोपित कारीगर

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जो आरोपित कारीगर सवा करोड़ के गहने चोरी कर फरार हुआ है वह मूल रूप से कोलकाता का रहने वाला है। आरोपित का नाम आकाश है जो कि मूल रूप से कोलकाता के जिला हुगली का रहने वाला है। आरोपित ने सवा किलो गोल्ड, तीन लाख के कैश और 40 कैरेट डायमंड चोरी किए हैं।

घटना स्थल पर पहुंची पुलिस।

देर रात 3 बजे तक चली थी पार्टी

शॉप के मालिक अनूप कोहली ने बताया कि आरोपित आकाश ने अपने बाकी कारीगर साथियों के साथ देर रात 3:00 बजे तक बर्थडे पार्टी की। इसके बाद सबको कोल्ड्रींक में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया। तिजोरी को बाथरूम में ले जाकर कटर से काटकर उसमें से सवा करोड़ के गहने की चोरी कर फरार हो गया। इसके अलावा आरोपित दूसरे कारीगर की मोटरसाइकिल लेकर फरार हुआ है। बाइक का नंबर पीबी 65ई 9761 है।

घटना की जानाकारी देता शॉप के मालिक अनूप कोहली।

आरोपित की धरपकड़ के लिए ट्राईसिटी में की जा रही छापामारी

बता दें कि सेक्टर-23 की मार्केट में कई कारीगर शहर के ज्वेलर्स के लिए आभूषण तैयार करते हैं। इससे पहले भी चंडीगढ़ की ज्वेलरी मार्केट में चोरी और लूट की कई घटनाएं हो चुकी हैं। चोरी की बढ़ती वारदातों के चलते ज्वेलर्स एसोसिएशन ने पुलिस के पुख्ता सुरक्षा प्रबंधों की मांग की थी। हालांकि शहर में इतनी बड़ी चोरी की वारदात लंबे समय के बाद हुई है। पुलिस आरोपित की धरपकड़ के लिए ट्राईसिटी और कई अन्य जगहों पर छापामारी कर रही है। वहीं शोरूम में लगे सीसीटीवी को भी चेक किया जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।