यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 29, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
फर्जी कॉल सेंटर खोलकर अमेरिकन सिटीजन को ठगने वाली कंपनी के बैंक खाते सील
जांच अधिकारी प्रितपाल सिंह ने बताया कि आरोपितों के आइसीआइसीआइ अकाउंट में एक करोड़ से ज्यादा राशि थी। जबकि इंडसइंड बैंक खाते में करीब दो लाख रुपये थे।

मोहाली, जेएनएन। मोहाली इंडस्ट्रियल एरिया में फर्जी कॉल सेंटर खोलकर अमेरिकन सिटीजन को ठगने वाली कंपनी के चंडीगढ़ स्थित दो बैंक खातों को मोहाली पुलिस ने सील करवा दिया है। यह बैंक खाते स्काइरल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड फर्म के नाम से करंट अकाउंट के तौर पर खोले गए थे। एक बैंक खाता आइसीआइसीआइ ब्रॉन्च सेक्टर-32डी चंडीगढ़ और दूसरा अकाउंट इंडसइंड बैंक सेक्टर-40डी की ब्रांच में था।
जांच अधिकारी प्रितपाल सिंह ने बताया कि आरोपितों के आइसीआइसीआइ अकाउंट में एक करोड़ से ज्यादा राशि थी। जबकि इंडसइंड बैंक खाते में करीब दो लाख रुपये थे। उन्होंने बताया कि स्काइरल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड फर्म के नाम पर एक खाता जयपुर स्थित आइसीआइसीआइ ब्रांच में भी था। उस खाते में भी सवा लाख रुपये की राशि थी। इस खाते को भी सील करवा दिया गया है।
जिक्रयोग है कि अमेरिका के लोगों से लोन अप्रूव के नाम लाखों रुपये ठगने वाले जयपुर के दो कॉल सेंटर से कुछ दिन पहले 23 साइबर ठग गिरफ्तार हुए थे। उनकी पूछताछ के दौरान मोहाली इंडस्ट्रियल एरिया फेज-7 में बिल्डिंग नंबर डी-91 किराये पर लेकर वहां स्काई-वे नेट सेल्युशन प्राइवेट लिमिटेड व स्काइरल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के नाम से दो फर्जी कॉल सेंटर चलाए जाने का खुलासा हुआ था। इसकी सूचना जयपुर पुलिस ने मोहाली पुलिस को दी थी। फेज-1 थाना पुलिस ने दोनों कॉल सेंटर सील कर दिए।
कॉल सेंटर चलाने वाले दो लोगों मोहम्मद खान निवासी सेक्टर-2 चित्रकूट विशाली नगर जयपुर सिटी राजस्थान और रमजान निवासी नगोर जयपुर राजस्थान के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि पुलिस दोनों आरोपितों को फरार बता रही है, उनकी तालाश में राजस्थान व अन्य कई इलाकों में रेड की जा रही है।