ट्राईसिटी में युवाओं को खेल से जोड़कर नशे से दूर रखने की कोशिश, फिटनेस और Gen-Z पर फोकस
ट्राईसिटी में राजनीतिक दल, पुलिस और सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलों का सहारा ले रहे ...और पढ़ें

नमो क्रिकेट लीग के मुकाबले में खेलते खिलाड़ी।
HighLights
युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलों का प्रयोग।
पंजाब में 'खेड़ां वतन पंजाब दीयां' का आयोजन।
चंडीगढ़ में 'गली क्रिकेट' के चार सत्र पूरे हुए।
अंकेश ठाकुर, चंडीगढ़। राजनीति की पिच पर एक बड़ा रणनीतिक बदलाव देखने को मिल रहा हैं। राजनीतिक दल हो या पुलिस या सरकार ड्रग्स रूपी रावण को मारने के लिए अब खेल रूपी ब्रह्मास्त्र का प्रयोग कर रहे हैं।
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार जहां खेड़ां वतन पंजाब दीयां सीजन-4 का आयोजन कर रही है तो चंडीगढ़ में गली क्रिकेट के चार सत्र पूरे हो चुके हैं। इसी तर्ज पर पंचकूला में ‘नमो क्रिकेट लीग’ का आयोजन किया जा रहा है।
खेलों के आयोजन भले ही अलग-अलग राज्यों में हो लेकिन निशाना सबका एक ही हैं ट्राईसिटी में युवाओं को ड्रग्स से दूर रखना और अपने से जोड़ना। खेल रूपी ब्रह्मास्त्र की ताकत का अंदाजा तो इस बात से भी लगाया जा सकता हैं कि चंडीगढ़ पुलिस ने भी वालीबाल प्रतियोगिता आयोजित की है।
सियासी पिच पर प्रफुल्लित होता खेल
खेल आयोजन के पीछे भले ही राजनीतिक लोग हो लेकिन इससे खेलों को फलने-फूलने का मौका मिल रहा हैं। पंजाब में हो रहे ‘खेड़ा वतन पंजाब दियां’ में न तो उम्र की कोई सीमा हैं और सीमित खेल।
पंजाब में हरेक खेलों का आयोजन हो रहा है। हालांकि चंडीगढ़ और पंचकूला में अभी तक क्रिकेट टूर्नामेंट ही आयोजित किए जा रहे हैं। लेकिन खिलाड़ियों में उत्साह भरपूर है।
गली से स्टेडियम तक लाने का प्रयास: टंडन
चंडीगढ़ भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन का कहना है कि चार साल पहले गली क्रिकेट की शुरुआत बल्ला घुमाओ नशा भगाओ टैग लाइन के साथ युवाओं को नशे से बचाने के उद्देश्य से की गई थी।
कोशिश थी कि युवा गली और सड़क से निकलकर स्टेडियम तक आएं, खेलों की तरफ आकर्षित हों और नशे से दूर रहें। उन्होंने कहा कि अच्छी बात है कि दूसरे लोग भी युवाओं को नशे से बचाने और खेलों की ओर ले जाने के लिए ऐसे सकारात्मक प्रयास कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Namo Cricket League: खिलाड़ियों के बदलाव पर विवाद, लुधियाना-पंचकूला का मुकाबला रद
जेन-जी को खेल से जोड़ने की कोशिश: तरुण भंडारी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी कहते हैं, आज की जेन-जी पीढ़ी के बीच फिटनेस, स्पोर्ट्स और एक्टिव लाइफस्टाइल को बढ़ावा देने के साथ नशे के खिलाफ जागरूकता को इन आयोजनों का अहम संदेश बनाया गया है।
खेल को युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने का माध्यम माना जा रहा है। क्रिकेट जैसे लोकप्रिय खेल के जरिये युवाओं तक पहुंच बनाने और उन्हें नशे से दूर रखने की कोशिश राजनीतिक आयोजनों को सामाजिक संदेश से जोड़ रही है।
