Namo Cricket League: खिलाड़ियों के बदलाव पर विवाद, लुधियाना-पंचकूला का मुकाबला रद
पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में नमो क्रिकेट लीग का पंचकूला और लुधियाना के बीच मैच खिलाड़ियों में बदलाव ...और पढ़ें

पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में चल रहे नमो क्रिकेट लीग के मुकाबले।
HighLights
लुधियाना की जीत के बाद पंचकूला की टीम ने दर्ज कराई आपत्ति।
आयोजकों ने मैच को रविवार को दोबारा कराने का निर्णय लिया।
नमो क्रिकेट लीग युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करती है।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में नमो क्रिकेट लीग में खिलाड़ियों में बदलाव पर हुए विवाद के बाद पंचकूला और लुधियाना की टीमों का मैच रद करना पड़ा। शनिवार को सुपर नाॅकआउट चरण में लुधियाना और पंचकूला की टीमों के बीच मुकाबला हुआ।
लुधियाना की टीम ने जीत दर्ज कर ली, लेकिन इसके बाद पंचकूला की टीम ने लुधियाना की टीम द्वारा पिछले मुकाबले से इस बार कई खिलाड़ियों को बदल नए खिलाड़ियों को शामिल किए जाने पर आपत्ति दर्ज करवाई।
आयोजक एवं मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने दोनों टीमों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन पंचकूला के खिलाड़ी बदलाव करने के खिलाफ अड़ गए। इसके बाद आयोजकों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शनिवार का मुकाबला रद कर दिया।
अब लुधियाना और पंचकूला के बीच यह मुकाबला रविवार को दोबारा करवाया जाएगा। तरुण भंडारी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी तरह की आपत्ति है, तो वह पहले दर्ज करवाएं, मैच खत्म होने के बाद किसी तरह की आपत्ति आगे नहीं मानी जाएगी।
सुदेश भंडारी चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से नशे के खिलाफ युवाओं को जागरुक करने के लिए नमो क्रिकेट लीग का आयोजन किया गया है। शनिवार को सुपर नाकआउट चरण में कुल चार मुकाबले खेले गए। इनमें मोगा मावेरिक्स, पानीपत पैंथर्स, गुरुग्राम जायंट्स और कुरुक्षेत्र किंग्स ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले चरण की ओर कदम बढ़ाया।
मोगा ने समालखा को हराया
सुपर नॉकआउट मुकाबले में मोगा मावेरिक्स ने समालखा सुपरस्टार्स को तीन विकेट से हराया। समालखा की टीम 9 ओवर में 58 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इसके जवाब में मोगा मावेरिक्स ने चार ओवर में 61 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मोगा की ओर से हरदीप सिंह ने 34 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। गेंदबाजी में आकाश दीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट हासिल किए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पानीपत पैंथर्स ने जींद को दी मात
दूसरे मुकाबले में पानीपत पैंथर्स ने जींद जगुआर्स को 12 रन से हराया। पानीपत ने निर्धारित 10 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 98 रन बनाए। जवाब में जींद जगुआर्स की टीम 10 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 86 रन ही बना सकी। पानीपत की जीत में अकाश राजपूत की 43 रन की पारी अहम रही। गेंदबाजी में करण शर्मा ने तीन विकेट लिए और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
गुरुग्राम जायंट्स की शानदार जीत
तीसरे मुकाबले में गुरुग्राम जायंट्स ने सोनीपत स्पार्टन्स को 33 रन से पराजित किया। गुरुग्राम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 130 रन बनाकर मजबूत स्कोर खड़ा किया।
इसके जवाब में सोनीपत की टीम 10 ओवर में छह विकेट खोकर 97 रन ही बना सकी। गुरुग्राम की ओर से मुकुल मोगली ने 39 रन बनाए। गेंदबाजी में भूरा भामला गुर्जर ने तीन विकेट चटकाए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
रोमांचक मुकाबले में कुरुक्षेत्र किंग्स विजयी
दिन के चौथे सुपर नॉकआउट मुकाबले में कुरुक्षेत्र किंग्स ने नोएडा नाइट्स को पांच विकेट से हराया। नोएडा नाइट्स की टीम 10 ओवर में 86 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कुरुक्षेत्र किंग्स ने नौ ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 87 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। कुरुक्षेत्र की ओर से दीपांशु बहुगुणा ने 27 रन बनाए, जबकि पवन कुमार ने दो विकेट हासिल किए। विश्वास को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
32 टीमों के साथ शुरू हुई थी लीग
नमो क्रिकेट लीग में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया है। प्रतियोगिता के पहले चरण में 16 नॉकआउट मुकाबले खेले गए। इसके बाद सुपर नॉकआउट चरण शुरू हुआ।
शनिवार तक सुपर नॉकआउट के सात मुकाबले पूरे हो चुके थे और शनिवार के चार मुकाबलों के बाद कुल 23 मुकाबले पूरे हो गए। रविवार को लुधियाना और पंचकूला के बीच रद्द किया गया मुकाबला दोबारा होने के बाद कुल 24 मुकाबले पूरे हो जाएंगे।
