यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 18, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अर्जन सिंह के निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक, दफ्तरों में आधा झुका रहेगा तिरंगा
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर ने मार्शल अर्जन सिंह के निधन पर गहरा दुख जताया है। सीएम ने अर्जन सिंह के सम्मान में पंजाब में तीन दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है।

जेएनएन, चंडीगढ़।1965 के भारत-पाक युद्ध में भारतीय वायुसेना का नेतृत्व करने वाले मार्शल अर्जन सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर ने गहरा दुख जताया है। सीएम ने मार्शल अर्जन सिंह के सम्मान में पंजाब में तीन दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है। इस दौरान सरकारी दफ्तरों में राष्ट्रीय ध्वज तीन दिन के लिए आधे झुके रहेंगे।
अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि मार्शल अर्जन सिंह का योगदान हमेशा के लिए इतिहास में दर्ज रहेगा। उनकी निधन से देश ने एक महान बेटे को खो दिया है। वे हमेशा बाहरी आक्रमण से देश की सीमाओं की रक्षा करने व सशस्त्र बलों की सर्वोच्च परंपराओं को बनाए रखने में आगे रहे।
द्वितीय विश्व युद्ध और 1965 में भारत-पाक युद्ध के दौरान वायुसेना में उनका योगदान अद्वितीय था। कैप्टन ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति सहानुभूति साझा करते हुए उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की ताकत देने व दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
