जुए में पैसे हारने पर सिर पर पत्थर मारकर किया था चौकीदार का कत्ल, 10 महीने बाद तीन आरोपित काबू
श्याम सिंह फेज-10 में एक निर्माणधीन इमारत में मिस्त्री का काम करता था और रात को वहीं पर चौकीदारी भी करता था।
मोहाली, जेएनएन। दीवाली से एक दिन बाद 28 अक्टूबर की रात फेज-11 स्थित अंब साहिब कॉलोनी के पास श्याम सिंह नाम के युवक का सिर पर पत्थरों से हमला करके कत्ल कर दिया गया था। पुलिस ने यह ब्लाइंड मर्डर केस को करीब 10 महीने के बाद सुलझा लिया है। श्याम सिंह के कत्ल के आरोप में फेज-11 पुलिस ने गजराम निवासी खंजीपुरा थाना डकिया जिला रामपुर (यूपी), सतवीर सत्ता निवासी मिलक मलियारोवाली जिला मुरादाबाद (यूपी) व महावीर सिंह निवासी चंदोई नागरा थाना इसलाम नगर जिला मुरादाबाद (यूपी) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मृतक के भतीजे मुकेश के बयानों पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था। उक्त तीनों की गिरफ्तारी के बाद उन्हें इस मामले में नामजद किया गया। पुलिस ने आरोपितों से मृतक का मोबाइल व पर्स भी बरामद किया गया है।
जुए में पैसे जीतने पर किया था कत्ल
दरअसल श्याम सिंह के कत्ल से पहले महावीर सिंह अंब साहिब कॉलोनी में किराये पर रहता था और गजराज गांव मजातड़ी (खरड़) में रहता था। गजराज का महावीर के घर आना जाना था और वह जुआ खेलने के शौकीन थे। 28 अक्टूबर की रात सतवीर सत्ता जोकि गांव बहौरा जिला होशियारपुर से गजराज के पास आया हुआ था। उन सभी ने श्याम सिंह के साथ जुआ खेला। श्याम जुए में सभी से 60 हजार रुपये जीत गया था। इसके बाद जब श्याम अपने घर जा रहा था तो रास्ते में सुनसान जगह पर उक्त तीनों आरोपितों ने श्याम के सिर पर पत्थरों से हमला कर उसे जख्मी कर दिया। तीनों आरोपितों ने श्याम से जीते हुए 60 हजार रुपये, मोबाइल व उसका पर्स छीन लिया और पैसे आपस में बांट लिए थे।
अस्पताल में हुई थी श्याम की मौत
श्याम फेज-10 स्थित एक निर्माणधीन इमारत में ठेकेदार के पास मिस्त्री का काम करता था। वहीं, रात के समय वह उसी जगह पर चौकीदारी भी करता था। 29 अक्टूबर को सुबह श्याम सिंह अंब साहिब कॉलोनी के पास झाड़ियों में लहूलुहान मिला था। श्याम के भतीजे मुकेश ने पुलिस को उसकी शिनाख्त करवाई थी। इसके बाद उसे जीएमसीएच-32 ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
दो आरोपितों पर पहले भी दर्ज हैं मामले
पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपित गजराम व सतवीर सत्ता के खिलाफ पहले भी थाना सोहाना व थाना फेज-11 में चोरी के दो-दो मामले दर्ज हैं। उक्त तीनों आरोपितों को मोहाली कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें