कर्तव्य पथ पर फिर दिखेगी चंडीगढ़ की झांकी! इस बार बर्ड पार्क और शहर के लाइफस्टाइल पर बनेगा डिजाइन
26 जनवरी 2023 के गणतंत्र दिवस पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर इस बार चंडीगढ़ की झांकी देखने को मिल सकती है। परेड के लिए रक्षा मंत्रालय ने राज्यों और यूटी से झांकी के लिए प्रस्ताव मांगे हैं। चंडीगढ़ ने भी झांकी बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। देश के दिल दिल्ली में जनपथ अब कर्तव्य पथ हो चुका है। कर्तव्य पथ पर कई तरह के बदलाव किए गए हैं। 26 जनवरी 2023 के गणतंत्र दिवस की तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं। इस बार 26 जनवरी की परेड खास होगी। परेड के लिए रक्षा मंत्रालय ने राज्यों और यूटी से झांकी के लिए प्रस्ताव मांगे हैं। चंडीगढ़ ने भी झांकी बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।
पिछले पांच वर्षों से परेड में चंडीगढ़ की झांकी को जगह नहीं मिली है। इस बार यूटी प्रशासन झांकी के लिए नए आइडिया पर काम कर रहा है। झांकी में लाइफलाइन सुखना लेक, राक गार्डन के साथ बर्ड पार्क की झलक डाली जा रही है। इसके अलावा चंडीगढ़ रिन्यूअल एनर्जी के क्षेत्र में किए गए बेहतरीन कार्यों से बनती माडल सिटी को शामिल किया जाएगा। इसमें पानी पर तैरते सोलर प्रोजेक्ट और इलेक्ट्रिक व्हीकल होंगे। हालांकि झांकी के डिजाइन को रक्षा मंत्रालय ही फाइनल कर मंजूरी देता है कि वह परेड में शामिल होगी या नहीं।
पिछली बार चंडीगढ़ प्रशासन ने शहर में साइकिलिंग को बढ़ावा देने के लिए बनाए गए साइकिल ट्रैक और शहर की ग्रीनरी और हेल्थ हब को दर्शाने के लिए एक टैब्ल्यू तैयार किया गया था, लेकिन इसका चयन परेड में नहीं हो सका था।
आखिरी बार 2014 में हुआ था चंडीगढ़ की झांकी का चयन
आखिरी बार वर्ष 2014 में चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से भेजे गए झांकी के डिजाइन का चयन हुआ था। उस समय प्रशासन की ओर से स्वर्गीय नेक चंद द्वारा बनाए गए राक गार्डन को झांकी के लिए भेजा था और करीब 13 साल बाद वर्ष 2014 में इसका चयन किया गया था। वहीं अब उम्मीद है कि दिल्ली के कर्तव्य पथ पर 26 जनवरी 2023 की परेड में चंडीगढ़ की झांकी को दिखाया जाएगा।