ई-गवर्नेस, स्मार्ट मीटर लगाने और स्मार्ट स्कूल के लिए टेंडर जारी Chandigarh News
शहर के तीन अहम प्रोजेक्टों के टेंडर सोमवार को खोले गए।
जेएनएन, चंडीगढ़। स्मार्ट सिटी के तहत शहर के तीन अहम प्रोजेक्टों के टेंडर सोमवार को खोले गए। जिसमें ई-गवर्नेस सिस्टम के लिए चार टेंडर आए हैं जबकि शहर के चार सरकारी स्कूलों के 90 क्लास रूम को स्मार्ट बनाने के लिए दो कंपनियां आई हैं। मनीमाजरा में 13 हजार से ज्यादा स्मार्ट वाटर मीटर लगाने का टेंडर खोला गया जिसमें एक कंपनी की बिड आई है। स्मार्ट सिटी कंपनी के अनुसार जल्द ही यह टेंडर अलॉट कर दिया जाएगा। जिसके बाद प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू हो जाएगा। ऑनलाइन ई गवर्नेस प्रोजेक्ट के तहत शहर की सभी पब्लिक से जुड़ी सर्विसेज ऑनलाइन की जाएंगी। लोग घर बैठे ही अपना काम करवा पाएंगे। जबकि मनीमाजरा में जो स्मार्ट वाटर मीटर लगने हैं, उन्हें मनीमाजरा में बनने वाले स्काडा से जोड़ा जाएगा। वहां बैठे कर्मचारियों को मीटर की रीडिंग के बारे में जानकारी मिलती रहेगी।
वहीं, पानी चोरी के बारे में स्काडा से जानकारी मिल सकेगी। इसके कंट्रोल रूम में बैठे कर्मचारियों को पानी की लाइन में फाल्ट आने या लीकेज होने या फिर लाइन टूटने का पता चलेगा। वहीं, बैठे कर्मचारी को पानी चोरी करने वालों का भी पता लगेगा। लाइन में कोई भी फाल्ट आने पर कंट्रोल रूम से मैसेज एरिया एसडीओ और जेई के मोबाइल पर फ्लैश होगा। इसके बाद लाइनें ठीक होंगी। 90 क्लास रूम को स्मार्ट बनाया जाएगा स्मार्ट सिटी के तहत जो चार सरकारी स्कूलों के 90 क्लास रूम को स्मार्ट बनाने का टेंडर खोला गया है, उसमें सेक्टर-22 के सीनियर सेकेंडरी, सेक्टर-35 के सीनियर सेकेंडरी, हाई स्कूल और सेक्टर-43 का हाई स्कूल शामिल है। जिस पर साढ़े चार करोड़ रुपये का खर्चा आएगा। इसके तहत हर क्लास रूम में डिजिटल प्रोजेक्टर, थ्रीडी बोर्ड और कंप्यूटर लगाया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार पहली से लेकर 12वीं तक के सभी बच्चों के क्लासरूम में यह सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के अनुसार इन स्मार्ट क्लासरूम में जो बोर्ड लगे होंगे, उनमें एनसीईआरटी का सिलेबस पहले से डाउनलोड होगा। बच्चों को पढ़ाने वाले टीचर्स को इसके लिए अलग से प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के लिए स्मार्ट सिटी द्वारा हायर की गई कंपनी ने दिल्ली में चल रहे स्मार्ट स्कूलों को स्टडी किया है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें