डॉ. टंकेश्वर कुमार होंगे पंजाब यूनिवर्सिटी के नए कुलपति, 3 साल का होगा कार्यकाल
डॉ. टंकेश्वर कुमार को पंजाब यूनिवर्सिटी का नया कुलपति नियुक्त किया गया है। वे हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति थे और अब तीन साल के लिए पीयू का नेतृत्व करेंगे।

टंकेश्वर कुमार। फोटो जागरण
मोहित पांडेय, चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) को नया कुलपति मिल गया है। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के मौजूदा कुलपति डॉ. टंकेश्वर कुमार को पंजाब यूनिवर्सिटी का नया वाइस चांसलर नियुक्त किया गया है। भारत के उपराष्ट्रपति के सचिवालय की ओर से सोमवार 9 नवंबर को इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है।
डॉ. टंकेश्वर कुमार तीन साल तक पंजाब यूनिवर्सिटी के कुलपति की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से शुरू होगा। इस नियुक्ति के साथ ही विश्वविद्यालय में नियमित कुलपति की नियुक्ति को लेकर चल रहा इंतजार भी खत्म हो गया है।
उपराष्ट्रपति सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि पंजाब यूनिवर्सिटी एक्ट, 1947 की धारा 10 के तहत प्राप्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए यह नियुक्ति की गई है। पंजाब यूनिवर्सिटी के चांसलर एवं भारत के उपराष्ट्रपति ने डॉ. टंकेश्वर कुमार को विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त करने की मंजूरी दी है। अधिसूचना पर उपराष्ट्रपति के सचिव और पंजाब यूनिवर्सिटी के चांसलर अमित खरे के हस्ताक्षर हैं।
तीन साल का होगा कार्यकाल
अधिसूचना के अनुसार डॉ. टंकेश्वर कुमार वर्तमान में हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति के पद पर कार्यरत हैं। अब उन्हें पंजाब यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालय की कमान सौंपी गई है। उनका कार्यकाल तीन साल निर्धारित किया गया है। हालांकि, यह अवधि नियुक्ति की अधिसूचना जारी होने की तारीख से नहीं, बल्कि उनके कुलपति पद का कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगी।
रजिस्ट्रार को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश
नियुक्ति संबंधी अधिसूचना भारत के राजपत्र के भाग-दो, सेक्शन-3 (ii) में प्रकाशित करने के लिए जारी की गई है। इसकी प्रतियां केंद्रीय गृह मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय, पंजाब सरकार के मुख्य सचिव, चंडीगढ़ प्रशासन के सलाहकार और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के सचिव को भी भेजी गई हैं। इसके अलावा पंजाब यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार को आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिसूचना की प्रति भेजी गई है।
डॉ. टंकेश्वर कुमार की नियुक्ति को विश्वविद्यालय के प्रशासनिक और शैक्षणिक नेतृत्व के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब विश्वविद्यालय में नए कुलपति के कार्यभार संभालने के बाद उनके सामने शैक्षणिक व्यवस्था, शोध गतिविधियों, प्रशासनिक फैसलों और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।