विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 17, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

चंडीगढ़ के टैक्सी ड्राइवर से पंचकूला में लूटी स्विफ्ट कार, बदमाशों ने पिस्तौल और चाकू के दम पर की वारदात

By Ankesh ThakurEdited By:
Published: Wed, 17 Nov 2021 08:58 AM (IST)

चंडीगढ़ के टैक्सी ड्राइवर से पंचकूला में लूट की वारदात हुई है। तीन बदमाशों ने टैक्सी चालक से उसकी स्विफ्ट ...और पढ़ें

तीनों बदमाशों के खिलाफ पंचकूला पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीनों बदमाशों के खिलाफ पंचकूला पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। चंडीगढ़ में किराये के मकान में रहने वाले एक टैक्सी चालक से पंचकूला में तीन बदमाश उसकी कार लूटकर फरार हो गए। बदमाशों ने हथियारों के दम पर वारदात को अंजाम दिया। अंबाला कैंट से टैक्सी किराये पर लेकर पंचकूला के गांव सुलतानपुर तक लाने के बाद तीन युवक चाकू और पिस्तैाल के दम पर टैक्सी लेकर फरार हुए हैं। पुलिस को दी शिकायत में टैक्सी चालक कृष्ण कुमार निवासी गांव मडौली खुर्द थाना शिवानी जिला भिवानी हरियाणा ने बताया कि वह चंडीगढ़ के गांव दड़वा में किराये के मकान पर रहता है और अपनी कार स्विफ्ट डिजायर को टैक्सी के तौर पर चलाता है।

मंगलवार दोपहर 2.30 बजे वह अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के पास सवारी के इंतजार में खड़ा था। तभी तीन युवक जिसमें दो सरदार और एक ने काले रंग की टोपी पहनी हुई थी उसके पास आए। तीनों ने उससे 700 रुपये किराया तय कर बरवाला के लिए टैक्सी लेकर चलने को कहा। जब वह तीनों बरवाला बस स्टैंड के पास पहुंचे, तो उसमें से काले रंग की पगड़ी पहने युवक ने कहा कि वह उन्हें पंचकूला के गांव सुल्तानपुर तक छोड़ दे।

कृष्ण कुमार इन तीनों को टैक्सी में लेकर गांव सुल्तानपुर से पहले अंडरपास के पास पहुंचा, तो उसी युवक ने कहा कि अंडरपास के नीचे गाड़ी पेट्रोल पंप की तरफ ले चलो। कृष्ण कुमार अंडरपास से गाड़ी लेकर चला, तो रास्ते में काफी मिट्टी थी। अंडरपास पार करके गाड़ी पेट्रोल पंप की तरफ मोड़ी, तो काले रंग की पगड़ी पहने सरदार ने उसकी सिर पर पिस्तौल तान दी और टोपी वाले युवक ने उसके पेट पर चाकू लगा दिया। इसके बाद उसे जबरदस्ती गाड़ी से नीचे उतार दिया और उसके मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। कृष्ण कुमार को गाड़ी से नीचे उतारते ही तीनों आरोपित उसकी टैक्सी लेकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित टैक्सी चालक ने पुलिस को घटना की शिकायत दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर तीनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।