सुषमा ग्रुप का डायरेक्टर प्रतीक मित्तल गिरफ्तार, पांच चेक बाउंस मामलों में था भगोड़ा; चंडीगढ़ पुलिस ने दबोचा
चंडीगढ़ पुलिस ने सुषमा ग्रुप के डायरेक्टर प्रतीक मित्तल को पांच चेक बाउंस मामलों में भगोड़ा घोषित होने के बाद गिरफ्तार किया है। उस पर लग्जरी फ्लैट और प्रॉपर्टी डील के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है।

चंडीगढ़ पुलिस की हिरासत में सुषमा ग्रुप का डायरेक्टर प्रतीक मित्तल।
HighLights
लग्जरी फ्लैट देने के नाम पर निवेश करवाकर ठगी।
फ्लैट के आवंटन और डिलीवरी को लेकर झूठे वादे किए।
जिला अदालत में चेक बाउंस के पांच मामले चल रहे।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। लग्जरी फ्लैट देने के नाम पर लोगों से निवेश करवाकर ठगी करने के आरोप में चंडीगढ़ पुलिस ने सुषमा ग्रुप के डायरेक्टर प्रतीक मित्तल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के पीओ एंड समन स्टाफ ने उसे पकड़ा।
उसके खिलाफ जिला अदालत में चेक बाउंस के पांच मामले चल रहे हैं। लंबे समय से अदालत में पेश नहीं होने पर उसे भगोड़ा घोषित किया जा चुका था। उसके खिलाफ प्राॅपर्टी डील के नाम पर धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित लोगों को लग्जरी हाउसिंग सोसायटी में आलीशान फ्लैट दिलाने का झांसा देकर निवेश करवाता था। फ्लैट के आवंटन और डिलीवरी को लेकर झूठे वादे किए गए। भुगतान से जुड़े विवाद और चेक बाउंस होने के बाद उसके खिलाफ कई शिकायतें दर्ज हुईं।
अदालत में बार-बार पेश न होने के कारण उसे अलग-अलग मामलों में भगोड़ा घोषित किया गया। पिछले महीने चंडीगढ़ पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) में उसके खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ था।
शिकायतकर्ता गुरदीप सिंह कोचर ने आरोप लगाया कि प्राॅपर्टी डील के नाम पर उनसे 90.79 लाख और 62.79 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। उपभोक्ता आयोग में भी उसके खिलाफ शिकायतें लंबित हैं। एक मामले में उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुए थे।