अनन्या की PGI में हुई सर्जरी, अगले दो दिन तक डॉक्टरों की निगरानी में रहेगी मासूम Chandigarh News
पंचकूला सेक्टर-4 के गांव हरिपुर में रविवार को डॉग बाइट की शिकार हुई चार साल की बच्ची अन्नया की पीजीआइ में सर्जरी हुई है।
जेएनएन, चंडीगढ़। पंचकूला सेक्टर-4 के गांव हरिपुर में रविवार को डॉग बाइट की शिकार हुई चार साल की बच्ची अन्नया की पीजीआइ में सर्जरी हुई है। कुत्ते ने अनन्या के चेहरे पर मुंह के पास का मांस नोंच लिया था। पीजीआइ ट्रामा सेंटर के डॉक्टरों की टीम ने रविवार देर रात अनन्या के चेहरे की सर्जरी की। करीब तीन घंटे चली सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने बताया कि अब उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। उसे अभी दो दिन और पीजीआइ के डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा। इसके बाद हालत सामान्य होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी मिलेगी। बच्ची के चेहरे पर घाव इतना गहरा था कि उसका जबड़ा दिख रहा था। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल सर्जरी कामयाब रही है। घाव भरने तक उसे लिक्विट डाइट ही देना होगा। कोई भी ठोस आहार उसे नुकसान पहुंचा सकता है। जहां तक एंटी रैबीज वैक्सीन की बात है तो उसे उसके पूरे डोज लगवाने जरूरी हैं। क्योंकि वैक्सीन लगवाने में लापरवाही की गई तो रैबीज का खतरा रहेगा।
अनन्या के इलाज का खर्च उठाएगा नगर निगम पंचकूला
आवारा कुत्ते की शिकार हुई चार साल की अनन्या के इलाज का पूरा खर्चा नगर निगम पंचकूला की ओर से उठाने का फैसला किया गया है। नगर निगम प्रशासक राजेश जोगपाल ने सोमवार को एक टीम को सेक्टर-4 हरीपुर स्थित बच्ची के घर पर परिजनों से मिलने के लिए भेजा, लेकिन घर पर ताला लगा हुआ था। इसके बाद आसपास वालों से नगर निगम के कर्मचारियों ने अनन्या के परिवार वालों का मोबाइल नंबर लिया। नगर निगम के प्रशासक राजेश जोगपाल ने अनन्या के पिता अरुण से मोबाइल पर बात करके बच्ची का हालचाल पूछा।
जोगपाल मंगलवार को बच्ची से मिलने के लिए पीजीआइ जाएंगे, क्योंकि सर्जरी के चलते सोमवार को लोगों को बच्ची से मिलने की इजाजत नहीं थी। अरुण से बातचीत में जोगपाल ने आश्वासन दिया है कि जितना भी खर्चा बच्ची के इलाज पर होगा, वह नगर निगम के स्टाफ एवं अधिकारियों द्वारा अपनी जेब से वहन किया जाएगा। नगर निगम की ओर से दूसरी बार ऐसे मामले में इलाज का खर्चा वहन किया जाएगा। इससे पूर्व गांव बुढऩपुर में दो सांडों की लड़ाई में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। वह व्यक्ति भी मजदूरी करता था। इसके परिवार को राजेश जोगपाल ने नगर निगम के कर्मचारियों के सहयोग से दो लाख रुपये एकत्रित करके दिए थे।