पंजाब में सनटेक सिटी मामले में 348 करोड़ की मनी लाॅन्ड्रिंग, CBI को डिजिटल डाटा सौंपेगी ईडी
मोहाली के सनटेक सिटी प्रोजेक्ट में 348 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी सीबीआई को डिजिटल डेटा सौंपेगी। ...और पढ़ें

सीबीआई ने ईडी से मांगा इलेक्ट्राॅनिक डाटा।
HighLights
ईडी सीबीआई को सनटेक सिटी घोटाले का डेटा सौंपेगी।
348 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप अजय सहगल पर।
फर्जी सहमति पत्रों से 108.58 एकड़ जमीन का सीएलयू लिया।
अजय अग्निहोत्री, मोहाली। सनटेक सिटी प्रोजेक्ट में फर्जीवाड़े और मनी लाॅन्ड्रिंग की जांच का दायरा बढ़ता नजर आ रहा है। मोहाली की अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हरदीप सिंह की अदालत ने वीरवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से मांगा गया इलेक्ट्राॅनिक डाटा प्रमाणित कर जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
आरोपित अजय सहगल ने भी डाटा सौंपने पर आपत्ति नहीं जताई। ईडी के जालंधर जोनल कार्यालय ने 20 जुलाई 2026 को अजय सहगल के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत विशेष अदालत में अभियोजन शिकायत दाखिल की थी। एजेंसी ने करीब 348 करोड़ रुपये की अपराध से अर्जित संपत्ति का आकलन किया है।
आरोप है कि इंडियन कोआपरेटिव हाउस बिल्डिंग सोसायटी लिमिटेड के सचिव रहते हुए सहगल ने 108.58 एकड़ कृषि भूमि का उपयोग आवासीय और व्यावसायिक करने के लिए नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग में फर्जी सहमति पत्र जमा कराए। इनके आधार पर सनटेक सिटी का चेंज ऑफ लैंड यूज (सीएलयू) और गमाडा से प्रोजेक्ट विकसित करने का लाइसेंस हासिल किया गया।
कंप्लीशन सर्टिफिकेट बिना कब्जा
ईडी के अनुसार, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए आरक्षित जमीन गमाडा को हस्तांतरित नहीं की गई। रेरा पंजीकरण से पहले यूनिटें बेची गईं और गमाडा से कंप्लीशन सर्टिफिकेट लिए बिना जमीन मालिकों को कब्जा दिया गया।
अजय सहगल के भाइयों संजय और अनिल सहगल की निदेशक वाली एबीएस टाउनशिप प्राइवेट लिमिटेड को विकास और बिक्री के अधिकार दिए गए। कंपनी ने लाॅ कैनेला फेज-1 और डिस्ट्रिक्ट-7 में यूनिटें बेचीं। ला कैनेला फेज-2 में रेरा मंजूरी के बिना आवासीय यूनिटें बेचने का भी आरोप है।
ईडी का कहना है कि गमाडा को 2020 से फर्जी सहमति पत्रों के इस्तेमाल की शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बजाय एबीएस टाउनशिप को 14.59 एकड़ जमीन का अतिरिक्त सीएलयू दिया गया।
मूल प्रोजेक्ट का लेआउट बदलने पर उठे सवाल
मूल प्रोजेक्ट का लेआउट बदलने और तय प्रक्रिया का पालन नहीं करने पर भी सवाल उठे। बाद में सीएलयू आंशिक रूप से रद किया गया। ईडी ने मई और जून 2026 में आरोपितों से जुड़े ठिकानों और लाॅकरों पर छापे मारकर दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और 30.98 लाख रुपये की बेहिसाब नकदी जब्त की।
सहगल को 22 मई 2026 को पीएमएलए के तहत गिरफ्तार किया गया। एजेंसी के आकलन में 348 करोड़ रुपये की संपत्ति में 212.58 करोड़ रुपये बेची गई संपत्तियों से मिली राशि और 135.41 करोड़ रुपये की बिना बिकी इन्वेंटरी शामिल है।
सीबीआई की 17 नवंबर 2026 की अर्जी पर ईडी अधिकारी दीपिका शर्मा ने अदालत को बताया कि मांगा गया डाटा उपलब्ध है और प्रमाणित कर सौंपा जाएगा। सीबीआई की ओर से इंस्पेक्टर सतीश देसवाल और ईडी की ओर से विशेष लोक अभियोजक जेएस सराओ पेश हुए।
आठ दिसंबर को सुनवाई
अदालत ने कहा कि तीन नवंबर को डाटा उपलब्ध कराने की अर्जी मंजूर हो चुकी है। आदेश की प्रति सीबीआई और ईडी को अनुपालन के लिए देने को कहा गया। मामले की अगली सुनवाई आठ दिसंबर को होगी। ईडी ने ये भी बताया कि जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।