सुंदर शाम अरोड़ा मामले में ईडी की जांच रियल एस्टेट तक पहुंची, अब मोहाली में मालबेला ग्रुप का रिकॉर्ड खंगाला
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूर्व उद्योग मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा से जुड़े औद्योगिक प्लॉट आवंटन अनियमितताओं की जांच का दायरा रियल एस्टेट कारोबार तक बढ़ा दिया है।

पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा से जुड़े मामले में जांच का दायरा बढ़ा।
HighLights
ईडी ने पूर्व मंत्री अरोड़ा से जुड़े औद्योगिक प्लॉट जांच का दायरा बढ़ाया।
मोहाली में मालबेला ग्रैंड के कार्यालय में रियल एस्टेट सौदों की जांच।
जमीनों के मालिकाना हक और वित्तीय लेनदेन के रिकॉर्ड खंगाले गए।
संवाद सहयोगी, जीरकपुर। पंजाब में औद्योगिक प्लॉटों के आवंटन में कथित अनियमितताओं की जांच अब रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े निवेश और जमीनों की खरीद-फरोख्त तक पहुंच गई है।
पूर्व उद्योग मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने मोहाली के सेक्टर-82 स्थित मालबेला ग्रैंड के कार्यालय में जांच की। सूत्रों के अनुसार, दो दिन से जारी कार्रवाई में अधिकारियों ने जमीनों के सौदों, संपत्तियों में निवेश और विभिन्न कंपनियों के बीच हुए वित्तीय लेनदेन से संबंधित रिकॉर्ड की पड़ताल की है।

इस कार्रवाई का महत्वपूर्ण पहलू औद्योगिक प्लॉटों के आवंटन और निजी रियल एस्टेट कारोबार के बीच संभावित कारोबारी संबंधों की जांच है। सूत्रों का कहना है कि जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संबंधित कंपनियों ने किन स्रोतों से निवेश जुटाया और जमीनों की खरीद-बिक्री के दौरान किस प्रकार वित्तीय लेनदेन हुआ।
जमीनों के मालिकाना रिकॉर्ड और निवेश पर नजर
जानकारी के अनुसार, ईडी अधिकारियों ने मालबेला ग्रुप से जुड़े कारोबारी दस्तावेजों के साथ प्लॉट आवंटन, जमीनों के मालिकाना हक और कंपनियों के वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की। कुछ दस्तावेज कब्जे में लिए जाने की भी सूचना है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जांच के दौरान पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा और संबंधित कारोबारियों के बीच संभावित व्यावसायिक संबंध भी पड़ताल के दायरे में बताए जा रहे हैं। फिलहाल किसी वित्तीय अनियमितता में मालबेला ग्रुप की संलिप्तता स्थापित होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
होशियारपुर से मोहाली तक जांच का दायरा
ईडी ने सोमवार तड़के अरोड़ा के होशियारपुर स्थित आवास और उनके बेटे प्रतीक अरोड़ा से जुड़े ठिकानों पर भी कार्रवाई शुरू की थी। सूत्रों के मुताबिक, जांच का संबंध पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन (पीएसआईईसी) के औद्योगिक प्लॉटों के आवंटन और मालिकाना हक में कथित अनियमितताओं से है।
मोहाली के रियल एस्टेट कार्यालय तक पहुंची जांच से अब औद्योगिक जमीनों के आवंटन के बाद हुए संभावित निवेश और कारोबारी लेनदेन पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, ईडी ने मालबेला ग्रुप के कार्यालय में हुई कार्रवाई, जब्त रिकॉर्ड और जांच के निष्कर्षों को लेकर अभी तक विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।