चंडीगढ़ में स्कूल में छात्र ने किया छह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास, प्राइवेट पार्ट पर मारी चोट
चंडीगढ़ के सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा के छात्र ने छह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने उसके प्राइवेट पार्ट को चोट मारी।
जेएनएन, चंडीगढ़। शहर के एक गवर्नमेंट हाईस्कूल में छह साल की बच्ची से स्कूल के ही सातवीं के छात्र ने दुष्कर्म का प्रयास किया। लड़की के विरोध करने पर छात्र ने उसका हाथ मरोड़ दिया और उसके प्राइवेट पार्ट पर चोट मारी। घटना सप्ताह पुरानी है। अब मामले की लिखित शिकायत वीरवार को जिला शिक्षा अधिकारी अनुजीत कौर को हेडमास्टर ने दी है। इससे पहले 23 अक्तूबर को प्रिंसिपल ने मौखिक तौर पर डीईओ को शिकायत दी थी, लेकिन डीईओ ने मामले की पूरी जानकारी लिखित में मांगी थी इसके साथ ही छात्रा के मेडिकल रिपोर्ट भी मांगी थी।
बताया जा रहा है कि दुष्कर्म का प्रयास उस समय किया गया जब मॉर्निंग शिफ्ट के बच्चों की छुट्टी होने वाली थी और इवनिंग शिफ्ट के बच्चे स्कूल में आ रहे थे। इसी दौरान पहली कक्षा की छात्रा शौचालय गई, जहां छात्र ने उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। बता दें, चंडीगढ़ में 40 स्कूलों में डबल शिफ्ट में चल रहे हैं। मॉर्निंग शिफ्ट एक बजे तक चलती है, जबकि इवनिंग डेढ़ बजे बाद।
स्कूल में कराया समझौता, नहीं होने पर पहुंची जानकारी डीईओ तक
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला घटित होने के दूसरे दिन ही स्कूल को पता चला। उस दिन छात्रा ने स्कूल में किसी से कोई बात नहीं की। स्कूल में मामले की जानकारी खुद छात्रा की मां ने आकर दी। उसके बाद स्कूल में लड़के के परिवार को बुलाया गया। जहां पर प्रिंसिपल ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया। जब समझौता नहीं हुआ तो हेडमास्टर ने डीईओ को लिखित में जानकारी दी।
लड़के को स्कूल से निकाला
हेडमास्टर का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए लड़के को स्कूल से निकाल दिया गया है। इसके लिए लड़के के परिवार से बात हुई है। वहीं, डीईओ अनुजीत कौर का कहना है कि लड़की की मेडिकल रिपोर्ट मांगी गई है। इससे पहले मामले की जानकारी लिखित में मिल चुकी है। यदि मामला सही पाया गया तो विभाग आरोपित के खिलाफ उचित कार्रवाई करेगा।
आठ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म
उधर, श्री मुक्तसर साहिब के लंबी के एक गांव में चौथी कक्षा में पढ़ने वाली आठ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दुष्कर्म का आरोप 45 वर्षीय व्यक्ति व्यक्ति पर लगा है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
लड़की की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पड़ोस में ही रहने वाला 45 वर्षीय पप्पू शेखावत बीते छह माह से उसकी बेटी को बरगलाकर साथ ले जाता था। बीते दिनों भी वह उसे अपने घर में ले गया। कुछ समय तक जब उसकी बच्ची वापस नहीं लौटी तो वह उसके घर में चली गई। जहां पप्पू शेखावत उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म कर रहा था। उसे देखकर वह फरार हो गया। थाना लंबी के प्रभारी बिक्रमजीत सिंह ने बताया कि छात्रा का मेडिकल करवाया गया है। रिपोर्ट आनी बाकी है। आरोपित फरार है।