चंडीगढ़ की व्यस्ततम मार्केट में भटककर पहुंचा बारहसिंगा, मची अफरा-तफरी
सिटी ब्यूटीफुल की व्यस्ततम मार्केट में भटककर अचानक एक बारहसिंगा पहुंच गया। बारहसिंगा को देखकर लोगों में अफरा तफरी मच गई।
जेएनएन, चंडीगढ़। सिटी ब्यूटीफुल की व्यस्ततम मार्केट सेक्टर-22 में भटककर अचानक एक बारहसिंगा पहुंच गया। बारहसिंगा को देखकर लोगों में अफरा तफरी मच गई। वहीं, कई लोग बारहसिंगा को कैमरे में कैद करने लगे। शोरगुल से परेशान बारहसिंगा इस शो रूम के आगे से उस शो रूम के आगे तक जाता रहा। खुद को बचाने के लिए वह वाहनों के पीछे भी छिपा, लेकिन उसे चैन नहीं मिला।
इसी दौरान फॉरेस्ट एंड वाइल्ड लाइफ डिपार्टमेंट को सूचना दी गई। वाइल्ड लाइफ डिपार्टमेंट की टीम भी जाल लेकर उसे पकड़ने के लिए पीछे दौड़ती रही। कई बार जाल बारहसिंगा के ऊपर फेंका गया, लेकिन वह नहीं पकड़ में आया।
घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद टीम बारहसिंगा को काबू कर पाई। इसके बाद उसे सुखना कैचमेंट एरिया के जंगल में छोड़ दिया गया। वाइल्ड लाइफ डिपार्टमेंट की टीम ने बताया कि लोगों को ऐसी स्थित में धैर्य रखते हुए जानवरों को परेशान नहीं करना चाहिए।