विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नशे के खिलाफ पंजाब की लड़ाई में खेल बनेंगे हथियार, 29 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में हाफ मैराथन

Published: Thu, 26 Nov 2026 03:00 PM (IST)

पंजाब के युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल व फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 29 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इसमें 2.40 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है।

29 नवंबर को होने वाली हाफ मैराथन की जानकारी देते आयोजक।

29 नवंबर को होने वाली हाफ मैराथन की जानकारी देते आयोजक।

HighLights

  1. युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए मैराथन का आयोजन।

  2. 29 नवंबर को श्री आनंदपुर साहिब में होगी हाफ मैराथन।

  3. प्रसिद्ध खिलाड़ी और 2.40 लाख रुपये की पुरस्कार राशि।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पंजाब के युवाओं को नशे से दूर रखने और उनकी ऊर्जा को खेल, फिटनेस व सकारात्मक गतिविधियों की ओर मोड़ने के उद्देश्य से श्री आनंदपुर साहिब हाफ मैराथन का आयोजन 29 नवंबर को ऐतिहासिक धार्मिक नगरी श्री आनंदपुर साहिब में किया जाएगा।

आयोजकों ने वीरवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित कर्टेन रेजर कार्यक्रम के दौरान युवाओं से खेल, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। मैराथन की शुरुआत सुबह श्री आनंदपुर साहिब स्थित 5 बजे पंज प्यारा पार्क से होगी। आयोजन के लिए कुल 2.40 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि घोषित की गई है।

रोटरी क्लब श्री आनंदपुर साहिब द्वारा आयोजित और यूनाइटेड सिख के सहयोग से होने वाली इस मैराथन के कानूनी साझेदार लॉ ऑफिसेज ऑफ गुर मोहन प्रीत सिंह हैं। गुर मोहन प्रीत सिंह ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के सभी न्यायाधीशों को इस पहल में शामिल होने और युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आमंत्रित किया है।

आयोजकों का कहना है कि न्यायपालिका, खेल जगत और फिटनेस से जुड़े लोगों की भागीदारी नशामुक्त पंजाब के संदेश को और मजबूत करेगी। मैराथन में पंजाब के कई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके खिलाड़ी और खेल उपलब्धियां हासिल करने वाले युवा हिस्सा लेंगे।

इनमें पंजाब के पुशअप मैन के नाम से प्रसिद्ध कुंवर अमृतबीर सिंह शामिल हैं, जिनके नाम फिटनेस और कैलिस्थेनिक्स में 50 से अधिक रिकॉर्ड तथा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हैं।

इसके अलावा पैरा-साइक्लिस्ट और राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता जगविंदर सिंह, जिन्हें सुपर सिंह के नाम से जाना जाता है, अंतरराष्ट्रीय हैवीवेट स्ट्राइकर और वर्ल्ड जिउ-जित्सु चैंपियनशिप पदक विजेता जुुझार टाइगर सिंह भी धावकों को प्रेरित करेंगे।

अंतरराष्ट्रीय लीग में हिस्सा ले चुके प्रोफेशनल एमएमए फाइटर यदविंदर शिकारी सिंह भी मैराथन में शामिल होंगे। युवा मार्शल आर्ट्स पदक विजेता और मैराथन के आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर फतेह सिंह गिल अपनी खेल यात्रा से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाएंगे।

इस आयोजन को 29 ब्रांडिंग पार्टनर्स का सहयोग मिला है, जिनमें सिंह लेगेसी और बर्न जिम शामिल हैं। बर्न जिम विजेताओं को विशेष जिम सदस्यता भी प्रदान करेगा।

चार श्रेणियों में होगी दौड़

मैराथन में 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर रन, 5 किलोमीटर रन और 3 किलोमीटर फन रन आयोजित किए जाएंगे। पहली तीन श्रेणियां समय आधारित प्रतिस्पर्धी दौड़ होंगी, जबकि 3 किलोमीटर फन रन गैर-प्रतिस्पर्धी रहेगा और सभी आयु वर्ग के लोग इसमें भाग ले सकेंगे।

कुल 2,40,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि पुरुषों और महिलाओं में समान रूप से वितरित की जाएगी। सभी प्रतिभागियों को फिनिशर मेडल, आयोजन की टी-शर्ट और जलपान दिया जाएगा। नकद पुरस्कारों का वितरण आयु और पहचान संबंधी दस्तावेजों के सात दिन के सत्यापन के बाद किया जाएगा।

दौड़ की श्रेणी प्रथम पुरस्कार द्वितीय पुरस्कार तृतीय पुरस्कार
21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन 5,000 रुपये 3,000 रुपये 2,000 रुपये
10 किलोमीटर रन 5,000 रुपये 3,000 रुपये 2,000 रुपये
5 किलोमीटर रन 5,000 रुपये 3,000 रुपये 2,000 रुपये
3 किलोमीटर फन रन कोई नकद पुरस्कार नहीं

 

 

 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।