ईरान-इजरायल युद्ध के बीच फिर मसीहा बने सोनू सूद, दुबई में फंसे लोगों के लिए रहने-खाने का करेंगे इंतजाम
अभिनेता सोनू सूद ईरान-इजरायल युद्ध के कारण दुबई में फंसे लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से संदेश जारी कर कहा है कि उनकी टीम फंसे हुए लोगों के लिए रहने और खाने की व्यवस्था कर रही है। यह मदद किसी एक देश तक सीमित नहीं होगी, बल्कि मानवता के आधार पर सभी जरूरतमंदों को दी जाएगी। उनकी टीम दुबई में स्थानीय सहयोगियों के साथ मिलकर सुरक्षित आवास और भोजन उपलब्ध करा रही है।
-1772786904290_m.webp)
दुबई में फंसे लोगों की मदद के लिए आगे आए अभिनेता सोनू सूद, रहने-खाने का करेंगे इंतजाम।
HighLights
सोनू सूद दुबई में फंसे लोगों की मदद को आगे आए
ईरान-इजरायल युद्ध के कारण उत्पन्न तनाव में सहायता
उनकी टीम रहने और खाने का सुरक्षित इंतजाम कर रही है
रोहित कुमार, चंडीगढ़। कोरोना काल में देश-विदेश के हजारों लोगों की मदद कर चुके अभिनेता सोनू सूद एक बार फिर संकट के समय लोगों के साथ खड़े नजर आए हैं। इस बार ईरान-इजरायल युद्ध के कारण खाड़ी क्षेत्र में उत्पन्न तनाव के बीच दुबई में फंसे लोगों की सहायता के लिए उन्होंने पहल की है।
सोनू सूद ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से संदेश जारी कर कहा है कि जो भी लोग मौजूदा हालात के कारण दुबई में फंस गए हैं और उन्हें रहने या खाने की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, वे उनकी टीम से संपर्क कर सकते हैं।
अभिनेता ने अपने संदेश में स्पष्ट किया कि यह मदद किसी एक देश के नागरिकों तक सीमित नहीं होगी। उनका कहना है कि संकट की इस घड़ी में इंसानियत सबसे बड़ी चीज है और उनकी टीम हर जरूरतमंद की सहायता करने की कोशिश करेगी। उन्होंने कहा कि दुबई में उनकी टीम स्थानीय सहयोगियों के साथ मिलकर फंसे हुए लोगों के लिए सुरक्षित आवास और भोजन की व्यवस्था कर रही है।
सोनू सूद ने बताया कि उनकी टीम ने दुबई की एक रियल एस्टेट कंपनी के साथ मिलकर कई विला और अपार्टमेंट्स की व्यवस्था की है, जहां जरूरतमंद लोग अस्थायी रूप से रह सकेंगे। इन स्थानों पर सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा। जब तक लोग अपने देश सुरक्षित वापस नहीं लौट जाते, तब तक उनके रहने-खाने का खर्च भी उनकी ओर से उठाया जाएगा।
इंटरनेट मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में सोनू सूद ने लोगों से अपील की कि अगर कोई व्यक्ति दुबई में फंसा हुआ है या उसे किसी प्रकार की मदद की आवश्यकता है तो वह सीधे उनकी टीम को मैसेज कर सकता है। उनकी टीम ऐसे लोगों से संपर्क कर उनकी स्थिति के अनुसार सहायता उपलब्ध कराएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी सोनू सूद कई बार संकट के समय लोगों की मदद के लिए आगे आ चुके हैं। कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने ‘घर भेजो’ अभियान चलाकर हजारों प्रवासी मजदूरों को बसों और विमानों के जरिए उनके घर तक पहुंचाया था। इसके अलावा विदेशों में फंसे भारतीय छात्रों और मजदूरों को भी स्वदेश लौटाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
सामाजिक कार्यों के कारण सोनू सूद को देश-विदेश में काफी सराहना मिल चुकी है। अब एक बार फिर युद्ध जैसे तनावपूर्ण हालात में उन्होंने मदद का हाथ बढ़ाकर यह संदेश देने की कोशिश की है कि मुश्किल समय में मानवता ही सबसे बड़ी ताकत होती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।