सोणिए, हीरिए तेरी याद ओंदिए के सिंगर शैल ओसवाल ने चंडीगढ़ में लांच किया अपना नया गाना 'इशारा'
सोणिए हीरिए तेरी याद ओंदिए गाने के सिंगर शैल ओसवाल फिर एक बार अपने चहेतों के लिए नया गाना लेकर आए हैं। गाने का नाम इशारा है जिसे उन्होंने चंडीगढ़ में लांच किया है। यह गाना उनकी पत्नी ने डायरेक्ट किया है।
चंडीगढ़, जेएनएन। सोणिए, हीरिए तेरी याद ओंदिए सांग को गाने वाले पंजाबी सिंगर शैल ओसवाल ने शुक्रवार को अपना नया ट्रैक 'इशारा' लांच किया। यह ट्रैक उनकी पत्नी समीक्षा ओसवाल ने डायरेक्ट किया है। गाने की वीडियो में माडल शिवांगी ने अभिनय किया है।
गाने के बारे में समीक्षा ने बताया कि कोरोना संक्रमण का खतरा कम होने के साथ ही हम सांग को लांच करना चाहते थे, जिसकी प्लानिंग चल रही थी। उन्होंने बताया कि शैल को हार्र फिल्में देखने का शौक है। जिसे देखते हुए हमने राजा-महाराजाओं को मुख्य रखकर इशारा गीत को प्लान किया और इसे दिल्ली स्थित अपने फार्म हाउस में दो दिनों में शूट किया है।
शहर की बेटी इसलिए सिटी में किया लांच ट्रैक
समीक्षा ने बताया कि उनका जन्म चंडीगढ़ में हुआ है। शहर में पढ़ाई की और पंजाबी फिल्मों में एक्टिंग करने का मौका मिला। पंजाबी फिल्मों में अभिनय करने के दौरान दक्षिण भारत की कई फिल्मों में भी काम मिला। जब शैल से शादी हुई तो उसके बाद शहर में आकर कुछ करने का इरादा था। इशारा ट्रैक को चंडीगढ़ में शूट करना चाहती थी, लेकिन कोरोना महामारी की वजह से यहां शूटिंग नहीं हो पाई। दिल्ली में शूट करने के बाद इसे लांच करने के लिए करीब दो महीने का इंतजार किया। भविष्य में भी शहर से जुड़कर अभिनय के क्षेत्र में काम करूंगी।
पंजाबी समझ आती है लेकिन बोलने में परेशानी
शैल ओसवाल ने बताया कि उन्होंने तीसरी कक्षा तक चंडीगढ़ में ही पढ़ाई की है। जब तक पंजाबी विषय स्कूल में शुरू हुआ उस समय पापा के साथ मुंबई जाना पड़ा। पिताजी पंजाब से हैं इसलिए यहां पर वापस आने की तमन्ना है, जिसे भविष्य में पूरा करने का प्रयास करूंगा।