पंचायती चुनाव में पक्ष में वोट न डालने की रंजिश में कातिलाना हमला, छह जख्मी
पंचायती चुनाव के दौरान गांव निवासी वकील सिंह ने अपने पड़ोसी सोहन सिंह को पंच पद के लिए खड़ा किया था, वह हार गया था। दो पक्षों में इसी को लेकर रंजिश थी।
जागरण संवाददाता, मोहाली : सोहाना थाने के गांव गडाणा में पुरानी रंजिश को लेकर हुए झगड़े में 6 व्यक्तियों ने गांव के नंबरदार गुरजंट सिंह जैंटा, उनकी पत्नी हरमीत कौर, भतीजा जनमीत सिंह, और सुखविंदर सिंह पर हमला कर उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया। आरोप है कि हालिया पंचायती चुनाव में पंच पद के लिए खड़े व्यक्ति ने उसे वोट न देने पर ये हमला करवाया है।
नंबरदार गुरजंट जैंटा ने आरोप लगाया कि पंचायती चुनाव के दौरान गांव निवासी वकील सिंह ने अपने पड़ोसी सोहन सिंह को पंच पद के लिए खड़ा किया था, वह हार गया था। इस बात की खुन्नस वकील सिंह के दिल में थी। शनिवार शाम को सुखविंदर सिंह और वकील सिंह चौराहे पर खड़े थे। उनकी वोटों को लेकर कहासुनी हो गई। वकील सिंह ने सुखविंदर सिंह के साथ इस बात को लेकर झगड़ा किया कि चुनाव दौरान उसने व उसके परिवार नें उन्हें वोट नहीं डाले, जिस कारण उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा। बातों-बातों में दोनों में हाथापाई हो गई और मामला नंबरदार तक पहुंचा।
गुरजंट सिंह सुबह सुखविंदर और अपने भतीजे जनमीत को साथ लेकर पुलिस स्टेशन में दोनों गुटों में समझौता करवाने के लिए अपनी गाड़ी में गए थे। उसी दौरान वकील सिंह, सोहन सिंह, जतिंदर सिंह, गुरसेवक सिंह, हरिंदर सिंह, भजन सिंह, गुरदीप सिंह व कुछ अज्ञात युवकों ने उनकी गाड़ी घेरकर उन पर रॉड व डंडों से हमला कर दिया। दूसरी तरफ सोहन सिंह ने बताया कि उक्त लोग उन्हें देखकर गलत इशारे कर रहे थे। जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने उनसे झगड़ा शुरू कर दिया।
दोनों पक्षों को थाने में बुलाया गया है। घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। जांच की जा रही है। बनती कार्रवाई की जाएगी।
-परमजीत सिंह, चौकी इंचार्ज, स्नेटा