चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से छह फ्लाइट ने भरी उड़ान
करीब दो माह बाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट चंडीगढ़ से सोमवार को फ्लाइट्स का संचालन शुरू हुआ। इस दौरान यात्री तय गाइडलाइन के मुताबिक एयरपोर्ट पहुंचे।
जागरण संवाददाता, मोहाली
करीब दो माह बाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट चंडीगढ़ से सोमवार को फ्लाइट्स का संचालन शुरू हुआ। इस दौरान यात्री तय गाइडलाइन के मुताबिक एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर यात्री समय से दो घंटे पहले ही पहुंच गए। लॉकडाउन के बाद सोमवार को एयरपोर्ट से सात फ्लाइट्स का शेड्यूल था, जिसमें एयर इंडिया की धर्मशाला जाने वाली फ्लाइट ऑपरेशनल कारणों के चलते रद रही, बाकी सभी फ्लाइट्स अपने शेड्यूल के हिसाब से उड़ी। चंडीगढ़ इंटरनेशनल पर पहली फ्लाइट मुंबई से आई। विमानन कंपनी इंडिगो 495 की फ्लाइट में मुंबई से 142 यात्री आए, वहीं इस फ्लाइट्स से 38 यात्री मुंबई के लिए रवाना हुए। इसके अलावा इंडिगो की दिल्ली वाली से 67 यात्री आए, 71 यात्री गए। इंडिगो की बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट में 122 यात्री आए, 54 यात्री गए। एयर एशिया की बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट्स से 88 यात्री आए और 39 यात्री गए। वहीं विस्तारा की दिल्ली से आने वाली फ्लाइट में 31 यात्री आए, 25 यात्री गए। इससे पहले करीब साढ़े 11 बजे मुंबई इंडिगो की फ्लाइट से आए सभी यात्रियों की स्क्रीनिग की गई, जिसके बाद उन्हें जाने दिया। सभी यात्रियों ने मास्क और फेस शील्ड लगाए थे। बोर्डिंग का समय बढ़ाकर एक घंटा किया गया
बता दें कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से बोर्डिंग के नियमों में कई बदलाव किए गए हैं। पहले घरेलू उड़ानों के लिए बोर्डिंग 45 मिनट पहले होती थी, लेकिन अब बोर्डिंग का समय बढ़ाकर एक घंटा कर दिया गया है। ऐसी स्थिति में यात्रियों को कम से कम एक घंटा पहले एयरपोर्ट पर पहुंचना होगा। यात्रियों को अब ऑनलाइन चेकइन करना होगा और बोर्डिंग पास का प्रिट आउट खुद ही निकालना होगा। सभी विमानन कंपनियों ने अपने यात्रियों के लिए गाइडलाइन जारी कर दी हैं, ताकि यात्रियों को कोई असुविधा न हो।
नियमों में हुआ बदलाव
एयरपोर्ट पर पहले चेकिग के तीन चरण होते थे। अब चार चरण होंगे। एयरपोर्ट पर एंट्री करते वक्त चेकिग होगी। इसके बाद मेडिकल टीम थर्मल स्कैनिंग करेगी। हर यात्री के सामान को सेनिटाइज किया जाएगा। इसके बाद बोर्डिंग के लिए चेकिग होगी। बोर्डिंग के लिए भी अब नियम बदल दिए गए हैं। विमानन कंपनियों को पांच-पांच के बैच बनाकर यात्रियों को विमान में बैठाने का निर्देश दिए गए हैं। विमान से पांच-पांच यात्रियों के बैच को उतारा जाएगा। इसके साथ ही उनका सामान सेनिटाइज होने के बाद ही मिलेगा। एयरपोर्ट पर उतरने वाले सभी यात्रियों की थर्मल स्कैनिग होगी और फिर वे अपना सामान लगेज बेल्ट से ले सकेंगे। गाइडलाइंस में यह सब भी शामिल
यात्रियों को मास्क और ग्लव्स जैसे प्रोटेक्टिव साधन पहनने होंगे। यात्रियों को आपस में चार फीट की दूरी बनाकर रखनी होगी। मोबाइल में आरोग्य सेतु एप होना जरूरी है। ऑनलाइन चेकइन करना होगा। बॉर्डिंग कार्ड का प्रिट आउट साथ रखना होगा। समय-समय पर हाथ धोना या सेनिटाइज करना होगा। यात्री को हर समय 350 मिलीलीटर सेनिटाइजर की बोतल साथ रखनी होगी। एयरपोर्ट स्टाफ के साथ सहयोग करना होगा।