पंजाब कांग्रेस का बड़ा कदम, चन्नी की अध्यक्षता में होगी पहली बार कैंपेन कमेटी की बैठक
पंजाब कांग्रेस ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। चंडीगढ़ में कैंपेन कमेटी की पहली बैठक में ...और पढ़ें
-1792663968910_m.webp)
चार महीने बाद पंजाब कांग्रेस कैंपेन कमेटी की चन्नी की अध्यक्षता में होगी पहली बैठक।
HighLights
पंजाब कांग्रेस ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कीं
चंडीगढ़ में कैंपेन कमेटी की पहली महत्वपूर्ण बैठक
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में पार्टी की कैंपेन कमेटी की पहली बैठक होने जा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और प्रचार अभियान की रूपरेखा पर चर्चा होगी।
कांग्रेस हाईकमान ने जुलाई में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया था। इनमें कैंपेन कमेटी का चेयरमैन चरणजीत सिंह चन्नी को बनाया गया था। सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी को इस कमेटी का को कार्डिनेटर बनाया गया, जबकि वरिष्ठ नेता सुखपाल सिंह खैहरा और राणा गुरजीत सिंह को भी इसमें शामिल किया गया था। हालांकि, कमेटी के गठन के बाद करीब चार महीने तक इसकी बैठक नहीं हो पाई।
प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर बढ़ा था विवाद
कैंपेन कमेटी की बैठक में देरी के पीछे उस समय कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान को भी अहम वजह माना गया। हाईकमान की ओर से अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को पंजाब कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद पार्टी में विरोध के स्वर उठे थे। चन्नी और उनके समर्थकों की नाराजगी के बीच संगठनात्मक गतिविधियां प्रभावित हुईं और कैंपेन कमेटी की औपचारिक बैठक नहीं हो सकी।
अब प्रदेश कांग्रेस की कमान परगट सिंह के हाथों में है और पंजाब के प्रभारी महासचिव सचिन पायलट भी संगठन को चुनावी तैयारी के लिए सक्रिय करने में जुटे हैं। ऐसे में कैंपेन कमेटी की पहली बैठक को पार्टी की चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक में 2027 के चुनाव के लिए प्रचार की दिशा तय करने, नेताओं की जिम्मेदारियां निर्धारित करने और प्रदेश में पार्टी के अभियान को मजबूत बनाने पर चर्चा होने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि कांग्रेस नेतृत्व इस बैठक के जरिए चुनावी तैयारियों को कितनी गति दे पाता है।
