'दलबदलुओं को टिकट नहीं, वोट नहीं', चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव से पहले पाला बदलने वाले नेताओं पर भड़की SIA
सेकेंड इनिंग्स एसोसिएशन (SIA) ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में राजनीतिक दलों से दलबदलू नेताओं को टिकट न देने की अपील की है।

SIA ने की राजनीतिक दलों से दलबदलू नेताओं को टिकट न देने की अपील।
HighLights
SIA ने राजनीतिक दलों से दलबदलू नेताओं को टिकट न देने की अपील
मतदाताओं से दलबदलू प्रत्याशियों को वोट न देने का आग्रह किया
जनता से ईमानदारी और जनसेवा वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने की अपील
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेकेंड इनिंग्स एसोसिएशन (एसआइए) ने आगामी चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में राजनीतिक दलों से दलबदलू नेताओं को टिकट नहीं देने की अपील की है।
एसआइए अध्यक्ष आरके गर्ग ने कहा कि जो पार्षद किसी एक राजनीतिक दल के टिकट पर चुनाव जीतकर जनता का विश्वास हासिल करते हैं, उनका केवल राजनीतिक सुविधा, व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा या दोबारा टिकट मिलने की बेहतर संभावना के लिए दल बदलना गंभीर सवाल खड़े करता है।
ईमानदारी और निरंतरता वाले उम्मीदवारों को चुनें
गर्ग ने कहा कि जनता किसी उम्मीदवार को केवल व्यक्तिगत रूप से नहीं, बल्कि उसके राजनीतिक दल और विचारधारा के आधार पर भी अपना समर्थन देती है। ऐसे में चुनाव जीतने के बाद दल बदलना मतदाताओं के भरोसे और राजनीतिक नैतिकता के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को ऐसे नेताओं को टिकट देने से इनकार करने का साहस दिखाना चाहिए। यदि कोई दल चुनावी लाभ के लिए किसी ऐसे नेता को फिर टिकट देता है, जो बार-बार राजनीतिक पाला बदलता रहा है, तो अंतिम फैसला मतदाताओं को करना चाहिए। एसआइए का नारा है- “दलबदलुओं को टिकट नहीं, दलबदलुओं को वोट नहीं।”
दलबदलुओं को वोट नहीं
एसआइए ने मतदाताओं से अपील की कि वे मतदान के समय उम्मीदवार के राजनीतिक इतिहास को भी ध्यान में रखें और ऐसे प्रत्याशियों को नकारें, जिनकी निष्ठा बार-बार बदलती रही है। जनता को ईमानदारी, प्रतिबद्धता, निरंतरता और जनसेवा के रिकॉर्ड वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
गर्ग ने कहा कि चंडीगढ़ को ऐसे जनप्रतिनिधियों की जरूरत है, जो जनता के साथ मजबूती से खड़े रहें, न कि ऐसे नेताओं की जो अपने राजनीतिक अस्तित्व और व्यक्तिगत फायदे के लिए समय-समय पर पाला बदलते रहें।
यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बनने से पहले परगट सिंह ने अंबिका सोनी से मुलाकात कर की अहम मुद्दों पर चर्चा
