विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 20, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Punjab UNLOCK: पंजाब में नई कोविड गाइडलाइन जारी, 26 से खुलेंगे 10वीं से 12वीं तक स्कूल, समागमों में 300 लोग ले सकेंगे हिस्सा

By Kamlesh BhattEdited By:
Published: Tue, 20 Jul 2021 04:07 PM (IST)Updated: Tue, 20 Jul 2021 05:22 PM (IST)

Punjab UNLOCK पंजाब में कोरोना संक्रमण के अब बहुत कम मामले रह गए हैं। ऐसे में राज्य सरकार अब और ...और पढ़ें

पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की फाइल फोटो।
पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की फाइल फोटो।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। Punjab UNLOCK: हरियाणा व चंडीगढ़ के बाद अब पंजाब सरकार ने भी राज्य में स्कूल खोलने का फैसला ले लिया है। कोविड रिव्यू बैठक में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 26 जुलाई से 10वीं से 12वीं तक के बच्चों के लिए स्कूल खोलने की अनुमति दे दी है। इसके साथ ही कार्यक्रमों के दौरान इनडोर में 150 व आउटडोर में 300 लोग एकत्र सकेंगे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि दसवीं से बारहवीं कक्षा के लिए स्कूल खोलने की अनुमति होगी, लेकिन केवल उन शिक्षकों और कर्मचारियों को शारीरिक रूप से उपस्थित होने की अनुमति होगी, जिन्होंने टीका लगा हो। छात्रों की शारीरिक उपस्थिति पूरी तरह से माता-पिता की सहमति पर होगी। आनलाइन कक्षाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। सीएम ने कहा कि यदि स्थिति नियंत्रण में रहती है तो शेष कक्षाओं को इसी तरह 2 अगस्त 2021 से खोलने की अनुमति दे दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय ने भविष्यवाणी की है कि आने वाले हफ्तों में मामलों में और गिरावट आएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समारोहों के दौरान लोगों के इकट्ठा होने की क्षमता बढ़ा दी गई है। सामाजिक समारोहों के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी क्षेत्रों में कलाकारों/संगीतकारों को उचित कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए अनुमति दी जाएगी। बता दें, राज्य में टीके के अनुपालन के साथ 50% क्षमता पर बार, सिनेमा हाल, रेस्तरां, स्पा, स्विमिंग पूल, कोचिंग सेंटर, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जिम, मॉल, संग्रहालय, चिड़ियाघर आदि खोलने का आदेश पहले ही दिया जा चुका है। कोविड प्रोटोकाल के तहत कोचिंग सेंटर व उच्च शिक्षा संस्थान भी खुल रहे हैं। 

सीएम ने कहा कि छूटों का अर्थ यह नहीं है कि लोग अनावश्य रूप से भीड़ इकट्ठी करें। हमें टीकाकरण के साथ-साथ मास्क, सेनिटाइजिंग व शारीरिक दूरी का पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए यह जरूरी हथियार है। 

मुख्यमंत्री ने केंद्र से मांगे 40 लाख टीके

पंजाब में टीकाकरण की अकेली दूसरी ख़ुराक के लिए 2 लाख से अधिक ख़ुराकों की मौजूदा मांग का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राज्य की योग्य जनसंख्या के टीकाकरण के लिए मंगलवार को केंद्र सरकार के समक्ष तुरंत 40 लाख टीकों की मांग रखी है। कोविड की समीक्षा के लिए बुलाई वर्चुअल मीटिंग में बताया गया कि राज्य को आज 2.46 लाख खुराक मिलने की संभावना है, लेकिन मुख्यमंत्री ने कहा कि टीकों की सप्लाई कम है। कोवीशील्ड ख़त्म हो गई है और कोवैक्सीन की सोमवार को सिर्फ 3500 ख़ुराकें बचीं थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में पहले ही 90 लाख से अधिक योग्य व्यक्तियों (योग्य जनसंख्या का करीब 37 प्रतिशत) ने टीका लगा लिया है और सारा स्टाक बिना कोई समय व्यर्थ गवाएं इस्तेमाल किया गया। पहली ख़ुराक 75 लाख लोगों द्वारा लगाई गई है, जबकि दूसरी ख़ुराक 15 लाख लोगों ने लगाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सप्लाई की कमी पूरी करने के लिए केंद्र को राज्य के लिए टीकों की तुरंत डलिवरी का प्रबंध करने की जरूरत है, जिससे जिनको दूसरी ख़ुराक की ज़रूरत है, उनके टीके लगाए जाएँ जब कि अन्य योग्य व्यक्तियों के लिए भी टीकाकरण जारी रखा जा सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।