पुण्यतिथि पर भावुक पोस्ट कर सविता ने किया जसपाल भट्टी को याद
कहते हैं इंसान के जाने के बाद उसकी याद ही दुनिया में रह जाती है।
वैभव शर्मा, चंडीगढ़ : कहते हैं इंसान के जाने के बाद उसकी याद ही दुनिया में रह जाती है। ऐसा ही कुछ देश के मशहूर कॉमेडियन और व्यंग्य के राजा स्वर्गीय जसपाल भट्टी के साथ हुआ है। रविवार को जसपाल की मृत्यु हुए आठ वर्ष हो गए, लेकिन इन आठ वर्षो में लोगों ने जसपाल को दिल से याद किया। रविवार को फेसबुक पर उनकी पत्नी सविता भट्टी ने एक भावुक पोस्ट डालकर जसपाल को याद किया। इस पोस्ट में उन्होंने जसपाल के साथ एक पल को साझा किया। जिसे पढ़कर किसी भी व्यक्ति की आंखें भर आए। इसके साथ ही उन्होंने पोस्ट संपन्न करते समय कहा कि बस अब बहुत हो गई मिस डायरेक्शन..आ जाओ वापस...मेरे ते मेरे बचेयां नू साडियां खुशियां वापस करो। रविवार को जसपाल की पुण्यतिथि पर एक ऑनलाइन कार्यक्रम भी आयोजित हुआ, जिसमें देश के मशहूर कॉमेडियंस ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। सविता को खल रही उनकी कमी
पोस्ट में उनके शब्दों को पढ़कर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि सविता को जसपाल की कितनी कमी खल रही है। जसपाल उन इंसानों में से थे, जो हमेशा से ही दूसरों के लिए खड़े रहते थे। इस वजह से वो लोगों के हमेशा करीब रहते थे। उनकी कॉमेडी में हमेशा से एक संदेश छिपा होता था। जिन्होंने करवाया रिश्ता, उनका करते थे जिक्र
ऑनलाइन कार्यक्रम में सविता ने जसपाल के साथ हुई शादी के लम्हों को साझा करता हुए कहा कि वो कई बार मजाक करते थे कि तेरे वो रिश्तेदार कहां गए, जिन्होंने तेरी शादी मेरे साथ करवाई है, मेरी जिदगी खराब कर दी। सविता ने कहा कि वो उनके साथ बिताए लम्हों को हर समय याद करती हैं। हमेशा ही घर में भी हमारी नोक-झोक भी कॉमेडी का रूप ले लेती थी।