विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'4 साल से बात तक नहीं हुई...', आशीष चंचलानी से नाम जुड़ने पर भड़कीं अर्शदीप सिंह की मंगेतर; समरीन कौर ने दी चेतावनी

Published: Sat, 14 Nov 2026 02:50 PM (IST)

अभिनेत्री समरीन कौर ने क्रिकेटर अर्शदीप सिंह से सगाई के बाद यूट्यूबर आशीष चंचलानी के साथ नाम जोड़े जाने पर नाराजगी जताई है।

अर्शदीप सिंह से सगाई के बाद अभिनेत्री समरीन कौर का नाम आशीष चंचलानी के साथ जोड़ा जा रहा है (फाइल फोटो)

अर्शदीप सिंह से सगाई के बाद अभिनेत्री समरीन कौर का नाम आशीष चंचलानी के साथ जोड़ा जा रहा है (फाइल फोटो)

HighLights

  1. समरीन कौर ने आशीष चंचलानी से नाम जुड़ने पर नाराजगी जताई

  2. उन्होंने आशीष चंचलानी से चार साल से कोई संपर्क नहीं बताया

  3. भ्रामक कंटेंट क्रिएटर्स को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई

रोहित कुमार, चंडीगढ़। भारतीय क्रिकेटर अर्शदीप सिंह से सगाई के बाद अभिनेत्री समरीन कौर का नाम यूट्यूबर आशीष चंचलानी के साथ जोड़कर पुरानी तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल किए जा रहे हैं।

इस पर समरीन ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि पिछले चार साल से उनकी आशीष चंचलानी से कोई बातचीत नहीं हुई है। साथ ही उन्होंने भ्रामक कहानियां बनाकर व्यूज बटोरने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

समरीन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की गई स्टोरी में लिखा कि इंटरनेट एक अजीब जगह है, जो कभी मनोरंजक तो कभी निराशाजनक हो जाती है। उन्होंने बताया कि सुबह उठते ही उन्हें एक ऐसे यूट्यूबर के साथ अपनी पुरानी तस्वीरों के रील एडिट दिखाई दिए, जिसके साथ उन्होंने चार साल पहले काम किया था।

उन्होंने साफ किया कि पिछले चार साल में न तो उनकी उस यूट्यूबर से कोई बातचीत हुई है और न ही दोनों ने साथ में कोई कंटेंट बनाया है। इसके बावजूद पुरानी तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल कर नई कहानियां बनाई जा रही हैं।

पॉडकास्ट में जिस लड़की का जिक्र, वह मैं नहीं

समरीन ने यह भी स्पष्ट किया कि वह उस लड़की नहीं हैं, जिसका जिक्र कुछ पॉडकास्ट में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों में वह इस बारे में कई बार स्थिति स्पष्ट कर चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद उनका नाम ऐसी चर्चाओं में घसीटा जा रहा है, जिनसे उनका कोई लेना-देना नहीं है।

पुरानी तस्वीरों को संदर्भ से हटाकर पेश करना और भ्रामक एडिट के जरिये गलत कहानियां बनाना गैर-जिम्मेदाराना और अपमानजनक है।

उन्होंने चेतावनी दी कि उनकी टीम ऐसे कंटेंट क्रिएटर्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी, जो क्लिकबेट के लिए उनके नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी सामग्री को साझा करने से पहले थोड़ी तथ्य जांच जरूरी है, क्योंकि ऐसी बातों से वास्तविक लोगों, उनकी प्रतिष्ठा और परिवारों पर असर पड़ता है।

11 नवंबर को अर्शदीप से की थी सगाई

समरीन का यह बयान अर्शदीप सिंह के साथ उनकी सगाई की घोषणा के दो दिन बाद आया है। दोनों ने 11 नवंबर 2026 को इंटरनेट मीडिया पर तस्वीरें साझा कर अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था।

अर्शदीप ने न्यूजीलैंड में झील किनारे बने लकड़ी के डेक पर घुटनों के बल बैठकर समरीन को अंगूठी पहनाई थी। समरीन ने सगाई की तस्वीरें साझा कर इस रिश्ते की आधिकारिक घोषणा की थी।

अप्रैल में शुरू हुई थी रिश्ते की चर्चा

दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं अप्रैल 2026 में शुरू हुई थीं। उस समय अर्शदीप ने स्नैपचैट पर एक लड़की का हाथ पकड़े हुए तस्वीर साझा की थी।

इसमें चेहरा दिखाई नहीं दे रहा था, लेकिन प्रशंसकों ने हाथ पर बने टैटू और नेल आर्ट की तुलना समरीन की तस्वीरों से की थी। इसके बाद आईपीएल के दौरान समरीन कई बार पंजाब किंग्स के मुकाबले देखने पहुंचीं। उन्हें न्यू चंडीगढ़ और मुंबई के स्टेडियम में अर्शदीप का उत्साह बढ़ाते देखा गया।

मई में धर्मशाला में दोनों के हाथों में हाथ डालकर घूमने का वीडियो भी वायरल हुआ था। इसी दौरान उन्हें चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर भी साथ देखा गया। जून में दोनों पंजाब के एक गुरुद्वारे में माथा टेकने पहुंचे थे। इसके कुछ समय बाद एक-दूसरे को इंटरनेट मीडिया पर अनफॉलो करने की चर्चाओं के बीच ब्रेकअप की अफवाहें उड़ीं, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई।

बाद में अर्शदीप ने समरीन के साथ तस्वीरें साझा कर 'माय पर्सन' लिखा था। अब सगाई के बाद दोनों ने अपने रिश्ते को आधिकारिक कर दिया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।