विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दस साल से अधर में समगौली कूड़ा प्रबंधन प्लांट, हाईकोर्ट पहुंचा मामला; पंजाब सरकार से मांगा जवाब

Published: Fri, 13 Nov 2026 07:02 PM (IST)

मोहाली का समगौली कूड़ा प्रबंधन प्लांट दस साल से अधर में लटका है, जिसका मामला अब हाईकोर्ट पहुंच गया है। ...और पढ़ें

साॅलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को शुरू करने की मांग। (सांकेतिक फोटो)

साॅलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को शुरू करने की मांग। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. पूर्व डिप्टी मेयर कुलजीत बेदी ने जनहित याचिका दायर की।

  2. हाईकोर्ट ने सरकार से परियोजना की स्टेटस रिपोर्ट मांगी।

  3. हाईकोर्ट ने सुनवाई के लिए 3 दिसंबर की तारीख निर्धारित की।

जागरण संवाददाता, मोहाली। पूरे मोहाली क्षेत्र की कूड़ा प्रबंधन समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रस्तावित समगौली साॅलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का मामला अब पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट पहुंच गया है। हाईकोर्ट ने सुनवाई के लिए 3 दिसंबर की तारीख निर्धारित करते हुए पंजाब सरकार की स्टेटस रिपोर्ट और संबंधित विभागों से जवाब मांगा है।

करीब दस साल से अधर में लटके इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को लेकर पूर्व डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी ने जनहित याचिका दायर की है। इस पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने सभी संबंधित पक्षों को तीन दिसंबर के लिए नोटिस आफ मोशन जारी किया है।

साथ ही सरकार से इस प्रोजेक्ट की मौजूदा स्थिति को लेकर स्टेटस रिपोर्ट भी मांगी है। इससे समगौली प्लांट के निर्माण और इसे शुरू करने में हो रही देरी को लेकर संबंधित सरकारी विभागों की जवाबदेही तय होने की उम्मीद बढ़ी है।

याचिका के अनुसार, समगौली में सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट स्थापित करने की योजना वर्ष 2012 में बनाई गई थी। इसे मोहाली, जीरकपुर, खरड़ और डेराबस्सी सहित पूरे ग्रेटर मोहाली क्षेत्र के लिए एकीकृत कूड़ा प्रबंधन केंद्र के रूप में विकसित किया जाना था। इसके लिए डेराबस्सी तहसील के गांव समगौली में करीब 50 एकड़ जमीन चिह्नित की गई थी।

एनजीटी के आदेश भी नहीं करा सके प्लांट शुरू

इस प्रोजेक्ट को लेकर 13 जनवरी 2015 को नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने मोहाली इंडस्ट्री एंड काॅमर्स एसोसिएशन बनाम पंजाब सरकार मामले में अहम निर्देश जारी किए थे।

ट्रिब्यूनल ने एक साल के भीतर जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी करने और जनवरी 2017 तक प्लांट चालू करने को कहा था। इसके बावजूद निर्धारित समय सीमा बीतने के करीब दस साल बाद भी प्रोजेक्ट शुरू नहीं हो पाया।

याचिका में बताया गया है कि वर्ष 2020 में समगौली साइट की चारदीवारी के लिए जारी टेंडर रद हो गया था। इसके बाद एनटीपीसी के साथ प्रस्तावित साझेदारी भी वर्ष 2023 में समाप्त हो गई। जमीन से संबंधित कानूनी और प्रशासनिक अड़चनों के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी।

रोजाना 100 से 150 मीट्रिक टन कूड़ा, स्थायी व्यवस्था नहीं

याचिका में कहा गया है कि मोहाली में रोजाना करीब 100 से 150 मीट्रिक टन कूड़ा पैदा हो रहा है। फेज-8बी स्थित पुराने डंपिंग ग्राउंड को वर्ष 2024 में बंद या सीमित किए जाने के बाद शहर में वैज्ञानिक तरीके से कूड़े के निस्तारण की जरूरत और बढ़ गई है।

नगर निगम मोहाली ने वर्ष 2023 और 2024 में गमाडा को पत्र लिखकर सैनिटरी लैंडफिल के लिए वैकल्पिक जमीन की मांग भी की थी। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जुलाई 2020 से फरवरी 2022 के दौरान सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमों का पालन नहीं करने पर नगर निगम पर करीब 29 लाख रुपये का पर्यावरण मुआवजा लगाए जाने का भी याचिका में उल्लेख किया गया है।

नए सेक्टरों में भी कूड़ा प्रबंधन की जमीन आरक्षित करने की मांग

बेदी ने अदालत से मांग की है कि समगौली प्लांट को समयबद्ध तरीके से स्थापित कर चालू करने के निर्देश दिए जाएं। साथ ही ईको सिटी, एयरोसिटी और अन्य नए विकसित हो रहे सेक्टरों में रिसोर्स मैनेजमेंट सेंटर (आरएमसी) और मटीरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) के लिए पहले से जमीन आरक्षित की जाए।

जब तक समगौली प्लांट शुरू नहीं होता, तब तक मोहाली में कूड़े के संग्रहण, छंटाई, परिवहन और वैज्ञानिक निस्तारण की अंतरिम व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।