Move to Jagran APP

Moosewala Murder Case: पंजाब पुलिस डीजीपी का बड़ा खुलासा, सलमान खान की भी रेकी करवाई थी लारेंस बिश्नोई ने

सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में नेपाल बार्डर दीपक मुंडी व उसके साथियों की गिरफ्तारी के बाद पंजाब पुलिस के डीजीपी ने बड़ा खुलासा किया है। डीजीपी ने कहा कि दीपक मुंडी से लारेंस बिश्नोई ने बालीवुड अभिनेता सलमान खान की भी रेकी करवाई थी।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Sun, 11 Sep 2022 12:47 PM (IST)Updated: Sun, 11 Sep 2022 12:54 PM (IST)
चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते पंजाब की डीजीपी गौरव यादव।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में शामिल आरोपितों के बारे में पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने बड़ा खुलासा किया है। यादव ने कहा कि शूटर दीपक मुंडी को दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल, पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के संयुक्त आपरेशन में उसके दो साथियों सहित नेपाल व बंगाल के बार्डर से काबू किया गया। अन्य दो आरोपितों में कपिल पंडित व राजिंदर उर्फ जोकर शामिल हैं।

loksabha election banner

गौरव यादव ने कहा कि यह आरोपित नेपाल से दुबई भागने की फिराक में थे। इनके निशाने पर अब बालीवुड अभिनेता सलमान खान थे। लारेंस बिश्नोई के कहने पर दीपक व एक अन्य आरोपित ने उनकी रेकी की थी। गौरव यादव ने कहा कि मूसेवाला मर्डर केस में अब तक 23 आरोपितों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। मामले में 33 लोग नामजद हैं। दो आरोपितों की मुठभेड़ में मौत हो चुकी है। 

https://www.youtube.com/watch?v=UvthroX1ZSI

गत दिवस मामले में गिरफ्तार आरोपितों को पुलिस चंडीगढ़ लेकर आ गई है। इन्हें आज मानसा कोर्ट में पेश किया जाएगा। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि कुछ दिन पहले ही जानकारी मिली थी कि दीपक मुंडी नेपाल भाग गया है।

सिद्धू मूसेवाला की गत 29 मई को हत्या हुई थी। हत्याकांड में बोलेरो व कोरोला गाड़ियों का इस्तेमाल हुआ था। दीपक मुंडी बोलेरो माड्यूल का हिस्सा था, जिसे हरियाणा के शूटर प्रियव्रत फौजी ने लीड किया था। अंकित सेरसा और कशिश भी इनके साथ थे। कपिल पंडित और राजिंदर जोकर ने गैंगस्टरों के छिपने व हथियार उपलब्ध करवाने में मदद की थी।

मूसेवाला की हत्या करने के बाद चारों गुजरात भाग गए थे। वहां से अंकित व मुंडी आगे भाग गए थे। सेरसा को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया था। तब मुंडी भाग गया था। बिश्नोई के भाई अनमोल को केन्या और भांजे सचिन को अजरबैजान में हिरासत में लिया गया था। इन्हें भारत लाने की तैयारी चल रही है।

छह शूटरों में से दो का हुआ एनकाउंटर, चार गिरफ्तार

मूसेवाला की मानसा में गोलियां मार कर हत्या कर दी गई थी। दीपक मुंडी तब से फरार था। प्रियव्रत फौजी, अंकित सेरसा व कशिश को दिल्ली पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि दो गैंगस्टर जगरूप रूपा और मनप्रीत मन्ना तरनतारन में एनकाउंटर में मारे गए थे। इस केस में पुलिस चार्जशीट पेश कर चुकी है। इसमें 36 लोगों को आरोपित बनाया गया है। अब मुंडी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस सप्लीमेंट्री चालान पेश करेगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.