विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में फिर साथ आए शिअद-भाजपा, कट्टरपंथी राजनीति रोकने और पंथक खालीपन भरने का दांव; माझा से मालवा तक कितनी बड़ी चुनौती?

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:47 PM (IST)

गुरपर्व पर शिअद और भाजपा में हुए गठबंधन को पंजाब में कट्टरपंथी राजनीति के उभार को रोकने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। यह गठबंधन पंथक राजनीति में आए खालीपन को भरने और उदारवादी सिख मतदाताओं का विश्वास जीतने का प्रयास करेगा।

पंजाब में कट्टरपंथी राजनीति पर लगाम लगाएगा शिअद-भाजपा गठबंधन।

पंजाब में कट्टरपंथी राजनीति पर लगाम लगाएगा शिअद-भाजपा गठबंधन।

HighLights

  1. शिअद-भाजपा गठबंधन पंजाब में कट्टरपंथी राजनीति के उभार को रोकेगा।

  2. गठबंधन पंथक राजनीति में आए खालीपन को भरने का प्रयास करेगा।

  3. इसका लक्ष्य उदारवादी सिख मतदाताओं का विश्वास फिर से जीतना है।

विपिन कुमार राणा, अमृतसर। गुरपर्व पर शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भाजपा में हुए गठबंधन को पंजाब में कट्टरपंथी राजनीति के उभार को रोकने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। पिछले तीन साल में शिअद में चल रही खींचतान के कारण पंथक राजनीति में जो खालीपन पैदा हुआ था, उसे वारिस पंजाब दे जैसे कट्टरपंथी विचारधारा वाले संगठनों ने भरा था।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अब मुख्यधारा की पंथक पार्टी शिअद के मजबूती के साथ वापस लौटने से वह जगह फिर से कट्टरपंथी विचारधारा वाले संगठनों के बजाय शिअद द्वारा ही भरने की कोशिश होगी।

बेअदबी की घटनाओं व शिअद में चल रही खींचतान के कारण पंथक वोटबैंक की दूरी ने न सिर्फ शिअद को 2017 में सत्ता से दूर किया था, बल्कि 2022 के विधानसभा चुनाव में शिअद 117 में से सिर्फ 3 सीटें ही जीत पाया था।

शिअद में खींचतान के कारण पंथक राजनीति में जो खालीपन आया उसका लाभ उठाते हुए कट्टरपंथी सोच वाले संगठनों ने तेजी से इस खालीपन को भरने का प्रयास किया। इसी के बल पर 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में खडूर साहिब से जेल में बंद अमृतपाल सिंह और फरीदकोट से सरबजीत सिंह खालसा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत हासिल की। अमृतपाल को खडूर साहिब में 4,04,430 वोट मिले थे और उसकी जीत 1,97,120 वोटों के अंतर से दर्ज हुई थी।

गठबंधन समर्थकों का तर्क है कि हिंदू-सिख एकता ही कट्टरपंथ के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है। जब शिअद और भाजपा एक साथ नाखुन-मांस का रिश्ता की बात करते हैं, तो हिंदू बनाम सिख का मुद्दा कमजोर पड़ता है। उल्लेखनीय है कि शिअद-भाजपा में 1996 में गठबंधन हुआ था। यह गठबंधन ऐसे समय में हुआ था जब पंजाब आतंकवाद के साय में था। प्रदेश में हिंदू व सिख एकता में खाई पड़ी हुई थी। ऐसे में दोनों दलों ने गठबंधन कर इस खाई को भरने का काम किया था। राज्य में शांति बहाली में इस गठबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

मौजूदा हालात में अब जब दोनों दलों में गठबंधन हुआ तो चुनौती भी बड़ी है। माझा से मालवा तक के क्षेत्रों खडूर साहिब, तरनतारन, अजनाला, फरीदकोट, बठिंडा और संगरूर में गठबंधन को पंथक मतदाताओं का भरोसा फिर से जीतना होगा। किसान आंदोलन के बाद भाजपा को लेकर सिख समाज के एक वर्ग की नाराजगी अभी दूर नहीं हुई है।

हालांकि गठबंधन का दांव उन उदारवादी सिख मतदाताओं पर है, जो शिअद नेतृत्व से नाराज हैं लेकिन कट्टरपंथ से भी दूरी रखते हैं। अगर शिअद-भाजपा शांति, विकास और बातचीत के एजेंडे पर भरोसा दिला पाए, तो कट्टरपंथी राजनीति के उभार को रोकने में यह गठबंधन सहायक साबित हो सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।