रोडवेज कर्मियों की हड़ताल से यातायात प्रभावित
जासं, पंचकूला : हरियाणा में रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल का जिले में ज्यादा असर नजर नहीं आया।
जासं, पंचकूला : हरियाणा में रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल का जिले में ज्यादा असर नजर नहीं आया। हालांकि मुख्य रूटों पर कम बसों के संचालन के कारण यातायात जरूर प्रभावित रहा। ऐसे में यात्रियों ने प्राइवेट बसों व ऑटो का सहारा लिया।
रोडवेज कर्मचारी हरियाणा रोडवेज के निजीकरण के विरोध में हड़ताल कर रहे हैं। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स संघर्ष समिति के आह्वान पर 16 और 17 को हड़ताल का एलान किया गया है। मंगलवार को पंचकूला बस स्टैड से रोज की तरह सारी बसें अपने रूट पर तो नहीं चली, लेकिन 19 बसों का संचालन बस स्टैंड से अपने निर्धारित समय से ही हुआ।
इस बीच रोडवेज कर्मचारी हड़ताल पर रहे। उन्होने सरकार के खिलाफ रोष प्रर्दशन किया।
सर्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव श्रवण कुमार जागड़ा ने बताया की हरियाणा सरकार सरकारी बसें चलाने की बजाय अपनी चहेती कंपनियों से किलोमीटर स्कीम पर प्राइवेट बसें चलाना चाहती है।
अनशन पर बैठी महिला लेक्चरर की हालत बिगड़ी
जासं, पंचकूला : ऑल हरियाणा एक्सटेंशन लेक्चरर्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से मांगों को लेकर आमरण अनशन 8वें दिन मंगलवार को भी जारी रहा। इस बीच अनशन स्थल पर महिला एक्सटेंशन लेक्चरर डॉ. सरोज दहिया व शेर सिंह की तबियत बिगड़ गई। उसे सेक्टर 6 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया। राज्य प्रधान ईश्वर सिंह व उप प्रधान संदीप ढिल्लों ने सरकार की जमकर आलोचना की। कहा कि डॉ. सरोज दहिया अपने हक के लिए परिवार को छोड़ आमरण अनशन पर बैठने को मजबूर है।
जाम खुलवाने के बजाय चालान काटने पर जोर
चंडीगढ़ : पहले नवरात्र से ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्थाओं की पोल खुल चुकी है। मंगलवार शाम करीब पांच बजे सेक्टर-22 के मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लगा दिखा, जबकि मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी जाम खुलवाने की जगह साइकिल ट्रैक पर चालान करने में व्यस्त नजर आए। शहर की अन्य सड़कों को हाल भी कुछ ऐसा ही दिखा। सूत्रों की मानें तो ट्रैफिक पुलिस विभाग ने मिनिस्ट्री को मैनपावर बढ़ाने के लिए लिखा हुआ है। जबकि, सोमवार को ट्रैफिक पुलिस विभाग को हाईकोर्ट की साइकिल ट्रैक को लेकर कड़ी फटकार लगी थी।