विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्लाॅट का कब्जा देने में देरी, पुडा को अब देना होगा करोड़ों रुपये का ब्याज; मोहाली के गेटवे सिटी से जुड़ा है मामला

Published: Thu, 12 Nov 2026 01:15 PM (IST)

पंजाब रेरा ने पुडा को मोहाली के गेटवे सिटी में प्लाॅट के कब्जे में देरी के लिए 10.80 प्रतिशत वार्षिक ...और पढ़ें

पंजाब रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण का फैसला।

पंजाब रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण का फैसला।

HighLights

  1. रेरा ने पुडा को प्लाॅट कब्जे में देरी पर ब्याज देने का आदेश।

  2. मोहाली के गेटवे सिटी में आवंटित प्लाॅट के मामले में फैसला।

  3. पुडा को 10.80 प्रतिशत वार्षिक ब्याज चुकाने का निर्देश।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। प्लाॅट खरीदने के बाद वर्षों तक वास्तविक कब्जा न मिलना खरीदारों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। विकास कार्य अधूरे होने के बावजूद ब्याज और अन्य शुल्क वसूले जाएं तो मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।

ऐसे ही एक मामले में पंजाब रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (रेरा) ने पंजाब शहरी योजना एवं विकास प्राधिकरण (पुडा) को प्लाॅट का कब्जा देने में हुई देरी के लिए करोड़ों रुपये का ब्याज चुकाने का आदेश दिया है।

प्राधिकरण ने नीलम गर्ग और साहिल गर्ग की शिकायत आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए 10.80 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने के निर्देश दिए हैं। यह मामला सेक्टर-118-119 स्थित मोहाली के गेटवे सिटी में आवंटित प्लाॅट से जुड़ा है।

रेरा सदस्य बिनोद कुमार सिंह ने फैसले में पुडा के चेयरमैन, मुख्य प्रशासक और संपदा अधिकारी को आदेश का पालन करने को कहा है। शिकायत के अनुसार, साहिल गर्ग ने सामान्य श्रेणी में 300 वर्ग गज के प्लाॅट के लिए आवेदन किया था और उन्हें 305.02 वर्ग गज का प्लाॅट आवंटित हुआ।

बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं

आठ सितंबर 2016 को आवंटन पत्र जारी किया गया। बाद में 20 फरवरी 2019 को प्लाट नीलम गर्ग के नाम स्थानांतरित कर दिया गया। शिकायतकर्ताओं के वकील शहनवाज खान ने दलील दी कि आवंटन की शर्तों के तहत 18 महीने में कब्जा दिया जाना था, लेकिन मौके पर सीवरेज, पानी, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं।

इसके बावजूद पुडा ने मूल कीमत पर 13,42,253 रुपये ब्याज और 1,98,678 रुपये गैर-निर्माण शुल्क वसूले। शिकायतकर्ताओं ने इन वसूलियों को गलत बताते हुए रकम लौटाने की मांग की।

पुडा ने कहा कि परियोजना का आंशिक पूर्णता प्रमाणपत्र 28 अप्रैल 2017 को जारी हो चुका था। आवंटन पत्र के अनुसार, विकास कार्य पूरा होने या आवंटन पत्र जारी होने के 18 महीने बाद इनमें जो भी पहले हो प्लाॅट का कब्जा दिया जाना था। पुडा ने यह भी कहा कि शिकायतकर्ताओं और मूल आवंटी ने निर्धारित समय में कब्जा नहीं लिया।

दोनों पक्षों की दलीलों और दस्तावेजों पर विचार के बाद रेरा ने शिकायत आंशिक रूप से स्वीकार की। प्राधिकरण ने माना कि कब्जा देने में देरी के लिए ब्याज का दावा बनता है, लेकिन ब्याज और गैर-निर्माण शुल्क की पूरी रकम लौटाने की मांग स्वीकार नहीं की।

10.80 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देना होगा

आदेश के अनुसार, पुडा को आठ मार्च 2018 से पहले किए गए भुगतानों पर निर्धारित तिथि से और इसके बाद के भुगतानों पर वास्तविक भुगतान की तारीख से छह जुलाई 2021 को वास्तविक भौतिक कब्जा मिलने तक 10.80 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देना होगा।

यह दर भारतीय स्टेट बैंक की प्रचलित सीमांत लागत आधारित ऋण दर 8.80 प्रतिशत में दो प्रतिशत जोड़कर तय की गई है। पुडा को आदेश मिलने के 90 दिनों के भीतर ब्याज का भुगतान कर अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया गया है। ऐसा न करने पर रियल एस्टेट अधिनियम के तहत कार्रवाई हो सकती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।