Move to Jagran APP

Punjab Congress Politics: सुलह का फार्मूला तैयार, नवजोत सिद्धू बन सकते हैं Deputy CM, दलित चेहरे को भी मिलेगा महत्व

Punjab Congress Politics पंजाब कांग्रेस में मचे घमासान को शांत करने के लिए सुलह का फार्मूला तैयार हो गया है। नवजोत सिंह सिद्धू को सरकार में एडजस्ट कर उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। साथ ही दलित चेहरों को भी महत्व मिलेगा।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Mon, 07 Jun 2021 07:36 AM (IST)Updated: Mon, 07 Jun 2021 07:04 PM (IST)
Punjab Congress Politics: सुलह का फार्मूला तैयार, नवजोत सिद्धू बन सकते हैं Deputy CM, दलित चेहरे को भी मिलेगा महत्व
कैप्टन अमरिंदर सिंह व नवजोत सिंह सिद्धू की फाइल फोटो.

चंडीगढ़ [कैलाश नाथ]। Punjab Congress Politics: पंजाब कांग्रेस की अंतर्कलह दूर करने के लिए पार्टी हाईकमान राज्य सरकार में एडजस्टमेंट और पार्टी में सोशल इंजीनियरिंग का फार्मूला अपनाएगी। सूत्रों के अनुसार नवजोत सिंह सिद्धू को सरकार में एडजस्ट किया जाएगा। पंजाब विधानसभा चुनाव वर्ष 2022 की शुरुआत में होने हैं। चुनाव नजदीक होने के कारण कांग्रेस के पास काफी सीमित विकल्प हैं, इसलिए पार्टी सोशल इंजीनियरिंग और एजडस्टमेंट पालिसी को अपना रही है।

loksabha election banner

सूत्रों के अनुसार नवजोत सिंह सिद्धू को उप मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। इसके साथ ही पार्टी के कुछेक दलित मंत्रियों के विभागों में फेरबदल करके उन्हें कुछ महत्वपूर्ण विभाग दिए जाएंगे, जिससे दलित समुदाय में यह संदेश जाए कि पार्टी दलितों का पूरा ख्याल रखती है। दरअसल, भाजपा ने दलित को मुख्यमंत्री व अकाली दल ने दलित को उप मुख्यमंत्री बनाने का पासा फेंका है, इसलिए कांग्रेस भी दलित चेहरे को पार्टी में एडजस्ट करेगी।

सूत्रों का यह भी कहना है कि भारी उठापटक के बावजूद पार्टी सुनील जाखड़ से प्रधानगी वापस नहीं लेगी, अलबत्ता उनके साथ दो कार्यकारी प्रदेश प्रधान जरूर लगा देगी। जिसमें से एक दलित समुदाय से संबंधित होगा। इस दौड़ में राजकुमार वेरका सबसे आगे दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरा कार्यकारी प्रधान हिंदू चेहरा हो सकता है। चूंकि मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री की कुर्सी पर जाट चेहरा होगा। अत: इस पद पर हिंदू चेहरे को तरजीह दी जाएगी।

सूत्रों के अनुसार पंजाब कांग्रेस में अंतर्कलह दूर करने के लिए कांग्रेस हाईकमान ने मल्लिकार्जुन खड़गे, जय प्रकाश अग्रवाल और हरीश रावत पर आधारित तीन सदस्यों की कमेटी मंगलवार तक पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपनी रिपोर्ट सौंपकर जरूरी बदलाव की सिफारिशें कर सकती है।

सूत्रों के अनुसार पंजाब कांग्रेस में अंतर्कलह का सबसे बड़ा लाभ नवजोत सिंह सिद्धू को मिलता दिखाई दे रहा है, क्योंकि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह उन्हें अंतर्कलह से पहले किसी भी सूरत में उप मुख्यमंत्री बनाने के लिए तैयार नहीं थे। लेकिन जिस प्रकार से कांग्रेस में एक माह से अंतर्कलह जारी है और पार्टी की केंद्रीय कमेटी ने सभी विधायकों व सांसदों को सुना और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को खुद कमेटी के सामने पेश होकर सफाई देनी पड़ी, उससे मुख्यमंत्री की आजादी भी सीमित हुई है। पार्टी का एक बड़ा वर्ग किसी न किसी रूप में मुख्यमंत्री की तरफ उंगली उठा रहा था।

सूत्रों का कहना है कि ऐसे में पार्टी सिद्धू को पार्टी में तो नहीं, लेकिन सरकार में उप मुख्यमंत्री के रूप में एडजस्ट करके अंतर्कलह को खत्म कर सकती है। यह भी कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह वर्तमान हालात में सिद्धू को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने का विरोध भी नहीं कर पाएंगे। कैबिनेट में दलित कोटे से तीन मंत्री है। इसमें से चरणजीत सिंह चन्नी को कोई महत्वपूर्ण विभाग दिया जा सकता है।

यह भी पढ़ें: पंजाब में AAP का हाल- एक कदम आगे और दो कदम पीछे, पूरे राज्‍य में आधार बनाना चुनौती

पार्टी के उच्च स्तरीय सूत्र बताते हैं, एजडस्टमेंट और सोशल इंजीनियरिंग के फार्मूले से पार्टी में एकजुटता आ सकती है। पांच दिनों के मंथन के दौरान सभी की चिंताएं 2022 को लेकर थीं। नेतृत्व परिवर्तन का मुद्दा भी नहीं था। ऐसे में छोटे-छोटे एडजस्टमेंट सभी को 2022 के लिए एकजुट कर सकती है। गौरतलब है कि पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट की ओर से श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के मामले से जुड़े कोटकपूरा गोलीकांड मामले की जांच कमेटी और जांच रिपोर्ट रद किए जाने के बाद कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। जिसके बाद हाई कमान ने केंद्रीय कमेटी का गठन किया था।

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.