भाजपा-अकाली गठबंधन के बीच राजा वड़िंग का बादल परिवार पर हमला, जनता को गुमराह करने का लगाया आरोप
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सुखबीर सिंह बादल के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा-अकाली दल गठबंधन की संभावना के बीच सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने बादल परिवार पर तीखा हमला बोला है।
-1795507346308_m.webp)
कांग्रेस नेता और सांसद राजा वड़िंग (जागरण आर्काइव)
HighLights
राजा वड़िंग ने बादल परिवार पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया
सुखबीर और हरसिमरत कौर पर भाजपा के साथ दोहरा रवैया अपनाने का आरोप
कृषि कानूनों पर बादल परिवार के बदलते रुख पर भी निशाना साधा
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के मंगलवार को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा-अकाली दल गठबंधन की घोषणा करने की संभावना के बीच सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने बादल परिवार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
राजा वड़िंग ने कहा कि जब संसद में राष्ट्रपति चुनाव और समान नागरिक संहिता जैसे मुद्दों पर मतदान होता था, तब सुखबीर सिंह बादल और हरसिमरत कौर बादल भाजपा के साथ खड़े दिखाई देते थे।
लेकिन पंजाब में आकर वे भाजपा के साथ किसी तरह का गठबंधन नहीं होने की बात कहते थे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब दोनों दलों के बीच इतना तालमेल था तो गठबंधन तोड़ने की जरूरत ही क्यों पड़ी?
किसान आंदोलन और कृषि कानूनों को लेकर भी साधा निशाना
राजा वड़िंग ने कृषि कानूनों का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा किसानों से जुड़े विधेयक संसद में पारित किए जाने के दौरान बादल परिवार की भूमिका सामने आई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि हरसिमरत कौर बादल ने इन कानूनों पर हस्ताक्षर किए थे। इसके बाद पंजाब के किसानों ने बादल परिवार के आवास के बाहर प्रदर्शन किया, जिसके चलते उन्हें अपना रुख बदलने के लिए मजबूर होना पड़ा।
उन्होंने कहा कि प्रकाश सिंह बादल को भी इन कृषि कानूनों का समर्थन करने के लिए मनाया गया था और इन कानूनों के पक्ष में पोस्टर तक लगाए गए थे। हालांकि, बाद में बादल परिवार ने अपना रुख बदल लिया और कानूनों का विरोध करने का दावा करने लगा। इसी घटनाक्रम के दौरान हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया था।
राजनीतिक रुख बदलकर जनता को किया गुमराह
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि बादल परिवार ने राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार अपना रुख बदला और बार-बार जनता को गुमराह किया।