चंडीगढ़ में 24 घंटे में 121mm बारिश: सड़कों पर भरा पानी, 8 डिग्री तापमान लुढ़का, इस मानसून सीजन में 877.5 वर्षा
Chandigarh Rainy Weather चंडीगढ़ में बीते 4 दिन से रुक रुक कर बारिश हो रही है। अब यह बारिश लोगों के लिए आफत बन गई है। सड़कों पर पानी भर रहा है। बीते 24 घंटे में 121 एमएम बारिश हो चुकी है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। शहर में बीते 4 दिन से लगातार बारिश हो रही है। बारिश से 8 डिग्री तापमान लुढ़का है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री रहा, जोकि सामान्य तापमान से 8 डिग्री कम है, वहीं न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से दो डिग्री कम है। अब रातें हल्की ठंडी होने लगी है। घर पर पंखों की स्पीड कम हो गई है।
पिछले 24 घंटें में शहर में 121 एमएम बारिश हो चुकी है। सडकों पर पानी भर गया है, जिससे ट्रैफिक स्लो हो गया है। चार दिन लगातार बारिश की वजह से शहर में मानसून सीजन में अच्छी बारिश पूरी हुई है। मानसून सीजन में चंडीगढ़ में अगर 846.5 एमएम बारिश हो तो इसे अच्छा मानसून माना जाता है। इस बार मानसून सीजन में अब तक 877.5 एमएम बारिश हो चुकी है।
मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि सोमवार को भी बादल छाए रहेंगे और बारिश की संभावना है। हालांकि आज सुबह कुछ देर के लिए धूप निकल आई थी, लेकिन सुबह नौ बजे फिर से मौसम ने करवट बदली और बारिश शुरू हो गई। दोपहर दो बजे तक रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
शहर में कई जगह गिरे पेड़,कई जगह ट्रैफिक लाइटें खराब
पिछले चार दिन से शहर में लगातार बारिश हो रही है। लगातार बारिश होने की वजह से शहर के कई हिस्सों में पेड़ गिरने की खबरें आई। जिस वजह से कई सड़कों पर जाम लग गया। इसके अलावा शहर के कई चौक पर ट्रैफिक लाइट्स भी खराब होने से लोगों को परेशानी हुई। हालांकि रविवार को छुट्टी होने की वजह से सड़क पर भीड़ सामान्य दिनों के कम थी, इसलिए लोगों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई।
सितंबर महीने में हुई बारिश का रिकार्ड
साल कुल बारिश
- 2022 146.8 एमएम (अबतक)
- 2021 176.8 एमएम
- 2020 6.1 एमएम
- 2019 120.9 एमएम
- 2018 319.4 एमएम
- 2017 144.0 एमएम
- 2016 32.8 एमएम
- 2015 135.4 एमएम
- 2014 107.3 एमएम
- 2013 73.6 एमएम
- 2012 208.8 एमएम
- 2011 233.1 एमएम
मानसून सीजन में चंडीगढ़ में हुई बारिश का रिकार्ड
साल कुल बारिश कम, ज्यादा
- 2010 1165.5 एमएम 38 फीसद ज्यादा
- 2011 772.9 एमएम 8 फीसद कम
- 2012 801.5 एमएम 5 फीसद कम
- 2013 792.8 एमएम 6 फीसद कम
- 2014 599.2 एमएम 29 फीसद कम
- 2015 548.3 एमएम 35.5 फीसद कम
- 2016 456.9 एमएम 45.8 फीसद कम
- 2017 752.8 एमएम 10 फीसद कम
- 2018 895.2 एमएम 18 फीसद ज्यादा
- 2019 694.4 एमएम 18 फीसद कम
- 2020 791.1 एमएम 7 फीसद कम
- 2021 603.6 एमएम 28.5 फीसद कम
- 2022 877.5 एमएम 4 फीसद ज्यादा (अब तक)