विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुरानी पेंशन बहाली की मांग, चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर कर्मचारियों ने किया धरना-प्रदर्शन

Published: Thu, 26 Nov 2026 02:16 PM (IST)

चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली और लंबित मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। एनपीएस समाप्त करने, आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट जारी करने और खाली पदों को भरने सहित कई महत्वपूर्ण मांगें उठाईं।

चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पूरे दिन धरने पर बैठे कर्मचारी।

चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पूरे दिन धरने पर बैठे कर्मचारी।

HighLights

  1. एनपीएस समाप्त करने की कर्मचारियों ने उठाई मांग।

  2. आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट जारी करने को कहा।

  3. खाली पदों को भरने और ठेका प्रथा समाप्त करने पर जोर।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने और रेलवे कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन (यूआरएमयू) की चंडीगढ़ शाखा ने बुधवार को चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पूरे दिन धरना-प्रदर्शन किया।

सुबह 10:30 बजे से शाम चार बजे तक चले इस प्रदर्शन में रेलवे के विभिन्न विभागों के बड़ी संख्या में कर्मचारियों, यूनियन पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

प्रदर्शन में मंडल उपाध्यक्ष संदीप कुमार, शाखा सचिव गुरनीत सिंह गिल और शाखा अध्यक्ष जसबीर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने के साथ राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (यूपीएस) को समाप्त करने की मांग उठाई।

यूनियन की प्रमुख मांगों में आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट जल्द जारी करना, रेलवे के सभी विभागों में खाली पदों को तत्काल भरना और सहायक कर्मचारियों की कमी दूर करना शामिल रहा। इसके अलावा ठेका प्रथा समाप्त करने, न्यूनतम पेंशन को न्यूनतम वेतन के बराबर करने और 20 साल की सेवा पूरी करने के बाद वीआरएस लेने वाले कर्मचारियों को तत्काल पेंशन लाभ देने की मांग की गई।

प्रदर्शनकारियों ने सेवानिवृत्ति पर अंतिम वेतन का 50 प्रतिशत पेंशन देने, एक जनवरी 2004 से वेतन से काटी गई 10 प्रतिशत राशि ब्याज सहित वापस करने और महंगाई भत्ते (डीए) की रोकी गई तीन किस्तें जारी करने की भी मांग उठाई।

रेलवे क्वार्टरों के वार्षिक किराये में बढ़ोतरी की व्यवस्था में सुधार और मैनिंग सेविंग से जोड़े बिना नए पदों को मंजूरी देने की मांग भी रखी गई। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों पर काम का बोझ लगातार बढ़ रहा है, जबकि कई विभागों में स्टाफ की कमी बनी हुई है।

पेंशन से जुड़े मुद्दों और सुविधाओं की कमी को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी है। रेलवे प्रशासन को इन मांगों पर जल्द निर्णय लेना चाहिए। यूनियन ने चेतावनी दी कि कर्मचारियों के अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा के लिए आंदोलन जारी रखा जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।