बीजेपी ज्वाइन करते ही राघव चड्ढा को 'Gen-Z' का झटका, 24 घंटे में कम हुए 10 लाख फॉलोअर्स
आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद राघव चड्ढा को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बड़ा झटका लगा है। ...और पढ़ें

इंस्टाग्राम पर गिरे राघव चड्ढा के फॉलोअर्स (जागरण)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। युवाओं के पसंदीदा नेता माने जाने वाले राघव चड्ढा के लिए आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थामना डिजिटल प्लेटफॉर्म पर महंगा साबित हो रहा है।
सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म पर महज 24 घंटों के भीतर उन्हें करीब दस लाख यूजर्स ने अनफॉलो किया है। जहां पहले इंस्टाग्राम पर उनके 14.6 मिलियन फॉलोअर्स थे। वहीं, अब यह संख्या गठकर 13.3 पर आ गई है। जाहिर है सोशल मीडिया पर राघव चड्ढा के फैसले से युवाओं में नाराजगी है।
इंस्टाग्राम पर यूजर्स ने की आलोचना
इंस्टाग्राम पर राघव चड्ढा के पोस्ट्स अब आलोचनात्मक टिप्पणियों से भरे पड़े हैं। कई यूजर्स ने राघव के लिए लिखा, "हमने आपमें भविष्य का प्रधानमंत्री देखा था... आपने अपने प्रशंसकों की पीठ में छुरा घोंपा है।" वहीं, कमेंट सेक्शन में #UnfollowRaghav जैसे अभियान गति पकड़ रहे हैं, जहां लोग एक-दूसरे से उन्हें अनफॉलो करने की अपील कर रहे हैं।

पुराने पोस्ट कर रहे डिलीट
इस राजनीतिक बदलाव के साथ ही उनकी पुरानी सोशल मीडिया एक्टिविटी पर भी सवाल उठ रहे हैं। दिल्ली आम आदमी पार्टी के संयोजक सौरभ भारद्वाज ने 'एक्स' पर आरोप लगाया, "राघव चड्ढा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी की आलोचना करने वाले अपने पुराने सोशल मीडिया पोस्ट्स को व्यवस्थित रूप से डिलीट करना शुरू कर दिया है।" यह कदम उनकी छवि को 'सिस्टमैटिक रीशेपिंग' (छवि बदलने की कोशिश) के तौर पर देखा जा रहा है।
यूथ के बीच में क्यों फेमस थे राघव चड्ढा?
युवाओं और मीडिल क्लास के बीच राघव चड्ढा की लोकप्रियता उनकी 'आक्रामक राजनीति' के बजाय 'डेटा-आधारित गवर्नेंस' की वजह से थी। उन्होंने अक्सर उन मुद्दों को उठाया जो मुख्यधारा की राजनीति में पीछे छूट जाते थे। मसलन- एयरपोर्ट पर महंगे खाने के दाम, मीडिल क्लास पर टैक्स का बोझ और टेलीकॉम रिचार्ज की बढ़ती कीमतें, डिलीवरी पार्टनर्स के हितों से जुड़े नियमों को भी राघव ने संसद में उठाया है।
बता दें कि शुक्रवार को दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राघव चड्ढा ने एलान किया कि वह बीजेपी ज्वाइन करेंगे। उन्होंने सांसद संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ प्रेसकर्मियों से बात करते हुए कहा, 'हमने तय किया है कि हम, राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो तिहाई सदस्य संविधान के प्रावधानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
