देशभर में पहुंचेंगे पंजाब के फल, सब्जियां और दूध... वंदे भारत और शताब्दी में लगें रेफ्रिजरेटेड कोच; रेलवे से खास अपील
पंजाब सरकार ने कृषि और डेयरी उत्पादों को देशभर में पहुंचाने के लिए रेलवे से वंदे भारत और शताब्दी ट्रेनों में रेफ्रिजरेटेड वैगन लगाने का प्रस्ताव दिया है।
-1795337156402_m.webp)
वंदे भारत ट्रेन। फाइल फोटो
HighLights
पंजाब ने रेलवे से रेफ्रिजरेटेड वैगन लगाने का प्रस्ताव दिया।
वंदे भारत, शताब्दी ट्रेनों में लगेंगे प्रशीतित डिब्बे।
कृषि, डेयरी उत्पादों की देशभर में तेज आपूर्ति होगी।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब के कृषि और डेयरी उत्पादों को देशभर के बाजारों तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार अब रेलवे के तेज रफ्तार नेटवर्क का इस्तेमाल करना चाहती है। इसके लिए सरकार ने रेलवे से वंदे भारत और शताब्दी जैसी ट्रेनों में रेफ्रिजरेटेड वैगन (प्रशीतित डिब्बे) लगाने का प्रस्ताव रखा है।
इससे दूध, सब्जियां, फल और अन्य जल्द खराब होने वाले उत्पादों को कम समय में लंबी दूरी तक पहुंचाया जा सकेगा। सरकार का मानना है कि समयबद्ध परिवहन की सुविधा मिलने से पंजाब के किसानों और डेयरी उत्पादकों को बड़े बाजारों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।
पंजाब के कराधान एवं सहकारिता विभाग के सचिव अजीत बालाजी जोशी ने शनिवार को चंडीगढ़ में आयोजित ट्रेड मीट 2026 के दौरान यह मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पंजाब के पास कृषि और डेयरी उत्पादों की बड़ी क्षमता है, लेकिन देश के दूरदराज के बाजारों तक इन्हें ताजा हालत में पहुंचाना चुनौती बना हुआ है। रेलवे को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, जिसमें तेज रफ्तार ट्रेनों के साथ विशेष रेफ्रिजरेटेड वैगन लगाए जा सकें।
अब बेहतर होगी आपूर्ति
उन्होंने कहा कि वेरका के खीर और रबड़ी जैसे विशेष उत्पादों के साथ तैयार खाने के उत्पादों की देशभर में मांग है। समय पर डिलीवरी नहीं होने के कारण इन उत्पादों को दूसरे राज्यों के बाजारों तक पहुंचाने में मुश्किल आती है।
रेफ्रिजरेटेड वैगन की सुविधा मिलने से इनकी आपूर्ति बेहतर हो सकेगी। इसके अलावा आलू उत्पादकों के लिए भी विशेष माल डिब्बों की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि वे अपनी फसल देश के अलग-अलग हिस्सों में भेज सकें।
गुजरात से पंजाब तक भी हो माल ढुलाई
ट्रेड मीट का आयोजन अहमदाबाद, अंबाला और फिरोजपुर रेलवे मंडलों ने सेंट्रल वेयरहाउसिंग कारपोरेशन के सहयोग से किया। इसका उद्देश्य गुजरात, पंजाब और हरियाणा के बीच रेल के जरिये माल ढुलाई को बढ़ावा देना और परिवहन लागत कम करना था।
जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार के कृषि मंत्रालय के तहत एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड उपलब्ध है। रेलवे और पंजाब सरकार को मिलकर ऐसी परियोजनाएं तैयार करनी चाहिए, जिनसे पंजाब और हरियाणा के कृषि उत्पादों को देश के विभिन्न बाजारों तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने मंडी गोबिंदगढ़ और लुधियाना के उद्योगों का जिक्र करते हुए कहा कि विभिन्न बंदरगाहों से स्टील स्क्रैप की सीधी ढुलाई होने से कर चोरी पर भी अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है।
वापसी में खाली नहीं लौटें मालगाड़ियां
अहमदाबाद मंडल के डीआरएम वेद प्रकाश ने कहा कि माल ढुलाई की लागत घटाने के लिए दोनों दिशाओं में माल परिवहन जरूरी है। पंजाब और हरियाणा से चावल, आलू, खाद्यान्न और निर्यात कंटेनर गुजरात भेजे जाएं तो वापसी में गुजरात से लकड़ी, नमक, उर्वरक, औद्योगिक उत्पाद और आयातित कंटेनर उत्तर भारत लाए जा सकते हैं। इससे खाली मालगाड़ियों की आवाजाही घटेगी और वैगनों का बेहतर इस्तेमाल होगा।
उन्होंने कहा कि रेलवे का उद्देश्य किसानों को बड़े बाजारों तक पहुंच देना, उद्योगों की कनेक्टिविटी बेहतर करना और निर्यातकों को भरोसेमंद परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।