विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के दो और युवा बने नौसेना में अधिकारी, अनुताज सिंह और अक्षांश अग्रवाल को मिला कमीशन

By Ajay AgnihotriEdited By: Sohan Lal
Published: Sat, 28 Nov 2026 06:30 PM (IST)

पंजाब के अनुताज सिंह और अक्षांश अग्रवाल केरल के एझिमाला स्थित भारतीय नौसेना अकादमी में पासिंग आउट परेड के बाद नौसेना में अधिकारी बन गए हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने परेड का निरीक्षण किया।

अनुताज सिंह और अक्षांश अग्रवाल ने बढ़ाया पंजाब का मान।

अनुताज सिंह और अक्षांश अग्रवाल ने बढ़ाया पंजाब का मान।

HighLights

  1. केरल के एझिमाला में हुई पासिंग आउट परेड।

  2. राष्ट्रपति ने पासिंग आउट परेड का किया निरीक्षण।

  3. एक गुरदासपुर और दूसरा फतेहगढ़ साहिब का।

 

अजय अग्निहोत्री, मोहाली। पंजाब के युवाओं का सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी बनने का सिलसिला जारी है। मोहाली स्थित महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट के दो पूर्व कैडेट अनुताज सिंह और अक्षांश अग्रवाल भारतीय नौसेना में अधिकारी बन गए हैं।

केरल के एझिमाला स्थित भारतीय नौसेना अकादमी में शनिवार को आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान दोनों को कमीशन मिला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने परेड का निरीक्षण किया।

गुरदासपुर निवासी अनुताज सिंह के माता-पिता शिक्षक हैं। उनकी मां सरकारी हाई स्कूल माड़ी टांडा और पिता सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नौशहरा माजरा सिंह में कार्यरत हैं। वहीं, फतेहगढ़ साहिब निवासी अक्षांश अग्रवाल व्यवसायी परिवार से संबंध रखते हैं।

दोनों की उपलब्धि के साथ ही महाराजा रणजीत सिंह संस्थान से प्रशिक्षण लेकर भारतीय सशस्त्र सेनाओं में कमीशंड अधिकारी बनने वाले कैडेटों की संख्या 200 हो गई है।

मंत्री अमन अरोड़ा ने दी बधाई

पंजाब के रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा ने दोनों युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता साबित करती है कि संस्थान विभिन्न सामाजिक और आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाले प्रतिभाशाली युवाओं को सेना में अधिकारी बनने के समान अवसर उपलब्ध करा रहा है।

उन्होंने दोनों अधिकारियों को पूरे समर्पण और पेशेवर प्रतिबद्धता के साथ देश की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। संस्थान के निदेशक मेजर जनरल अजय एच. चौहान (सेवानिवृत्त) ने बताया कि अब तक संस्थान के 200 कैडेट सशस्त्र सेनाओं में कमीशंड अधिकारी बन चुके हैं।

इनमें 26 भारतीय नौसेना में सेवाएं दे रहे हैं। संस्थान की ओर से अब राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) के साथ नौसेना की 10+2 कैडेट एंट्री योजना के लिए भी कैडेटों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

17वें कोर्स के लिए 15 दिसंबर तक आवेदन

संस्थान ने अपने 17वें कोर्स के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी है। एनडीए में प्रवेश की तैयारी करने के इच्छुक दसवीं कक्षा के विद्यार्थी 15 दिसंबर 2026 तक संस्थान की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेद न कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 3 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।