प्रसिद्ध पंजाबी गायक गिल रौंता अकाली दल ‘वारिस पंजाब दे’ में शामिल, मोहाली में हुआ बड़ा ऐलान
प्रसिद्ध पंजाबी गायक और लेखक गिल रौंता मोहाली में अकाली दल 'वारिस पंजाब दे' में शामिल हो गए। इस दौरान पुआध इकाई के कार्यालय का उद्घाटन भी किया गया।
-1791012517073_m.webp)
HighLights
प्रसिद्ध पंजाबी गायक गिल रौंता अकाली दल में शामिल हुए
मोहाली में 'वारिस पंजाब दे' के पुआध कार्यालय का उद्घाटन
पार्टी का लक्ष्य पंजाबियों की भावनाओं और उम्मीदों को उठाना
जागरण संवाददाता, मोहाली। पंजाबी संगीत जगत की प्रसिद्ध शख्सियत, लेखक एवं गायक गिल रौंता अकाली दल ‘वारिस पंजाब दे’ में शामिल हो गए। उन्होंने कार्यकारी अध्यक्ष बापू तरसेम सिंह, वरिष्ठ नेता एवं दाखा विधायक मनप्रीत सिंह इयाली और लोकसभा सदस्य भाई सरबजीत सिंह खालसा की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इस दौरान मनप्रीत सिंह इयाली और गिल रौंता ने संबोधित करते हुए पार्टी की आगामी गतिविधियों और संगठन को मजबूत करने को लेकर विचार रखे।
बताया पार्टी का उद्देश्य
मनप्रीत सिंह इयाली ने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी शख्सियतों का संगठन के साथ जुड़ना सकारात्मक पहल है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य पंजाबियों की भावनाओं और लोगों की उम्मीदों की आवाज को मजबूती से उठाना है।
गिल रौंता ने कहा कि वह पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत से जुड़े मुद्दों को हमेशा प्राथमिकता देते रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से लोगों के बीच रहकर उनकी आवाज उठाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं और लोगों के साथ किया जाए संपर्क
कार्यक्रम के दौरान गुरु साहिब की ओट-आसरे के साथ पुआध इकाई के कार्यालय का उद्घाटन भी किया गया। नेताओं ने कहा कि कार्यालय के माध्यम से क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को सुचारु ढंग से चलाने के साथ कार्यकर्ताओं और लोगों के साथ लगातार संपर्क कायम किया जाएगा।
