पंजाब में रोडवेज के कच्चे कर्मचारियों ने दी हड़ताल की चेतावनी, 20 की बैठक के बाद लेंगे फैसला
पंजाब के परिवहन विभाग के कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने की मांग पर सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच 20 ...और पढ़ें

परिवहन विभाग के कच्चे कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से बस सेवा हो सकती है प्रभावित। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
कच्चे कर्मियों को नियमित करने पर 20 को बैठक।
वित्त मंत्री चीमा ने ज्वाॅइनिंग लेटर का भरोसा दिया।
मांगें न मानने पर 25 से 27 नवंबर तक हड़ताल।
अजय अग्निहोत्री, मोहाली। पंजाब के परिवहन विभाग में कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने की मांग पर कर्मचारी संगठनों और सरकार के बीच 20 नवंबर को एक और बैठक होगी।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के साथ हुई बैठक में कर्मचारियों को पक्का करने का मामला कैबिनेट के सामने रखने पर चर्चा हुई। राज्य कमेटी के प्रतिनिधियों ने दावा किया कि सरकार ने शुक्रवार तक स्थिति स्पष्ट करने और सोमवार या मंगलवार तक ज्वाइनिंग लेटर जारी करवाने का भरोसा दिया है।
बैठक के बाद प्रतिनिधियों ने बताया कि परिवहन मंत्री के साथ भी नियमितीकरण की प्रक्रिया पर चर्चा हुई और मामला कैबिनेट के समक्ष रखने पर सहमति बनी। 20 नवंबर की बैठक में कार्मिक विभाग, वित्त विभाग और संबंधित विभागों के सचिव शामिल होंगे। संगठन के अनुसार, बैठक में नियमितीकरण की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने का प्रयास किया जाएगा।
कर्मचारी संगठनों ने कहा कि बैठक में ठोस निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। 24 नवंबर को लुधियाना में होने वाली बातचीत के बाद भी मांग पूरी नहीं होने पर 25, 26 और 27 नवंबर को तीन दिवसीय हड़ताल की जा सकती है।
विभिन्न कर्मचारी संगठनों के संयुक्त मोर्चे की ओर से रोष रैली निकालने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। प्रांतीय नेता भगत सिंह भगता ने बताया कि राज्य कमेटी ने 26 नवंबर को रैली के जरिए मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के समक्ष मामला उठाने का एलान किया है।
संगठन का कहना है कि सरकार ने कर्मचारियों को पक्का करने का वादा किया था, लेकिन इसे अब तक लागू नहीं किया गया। कर्मचारियों ने मांग की कि वादे के मुताबिक नियमितीकरण की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए।