आनलाइन डेस्क, चंडीगढ़। भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड के साथ खेली जा रही 3 मैचों की वनडे सीरीज में विदेशी सरजमीं पर कप्तान हरमन कौर की अगुआई में 23 साल के लंबे इंतजार के बाद श्रृंखला जीती है। भारतीय महिला टीम ने सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है। भारत ने इंग्लैंड टीम पर दूसरे मुकाबले में एकतरफा जीत हासिल की है। भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 88 रन से हराया है।
भारतीय महिला टीम की इस जीत के बाद हर तरफ तारीफ हो रही है। टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने दूसरे वनडे मैच में अंग्रेज महिला टीम की जमकर धुनाई की और नाबाद 143 रनों की शानदार पारी खेली है।
पंजाब के खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने भी भारतीय महिला टीम को सीरीज जीतने की बधाई देते हुए कप्तान हरमनप्रीत की जमकर तारीफ की है। मीत हेयर ने हरमनप्रीत की 143 रन की नाबाद पारी और हरलीन देयोल की अर्द्धशतकीय पारी (58 रन) की भी प्रशंसा की है।
ਭਾਰਤੀ ਮਹਿਲਾ ਕ੍ਰਿਕਟ ਟੀਮ ਨੂੰ ਇੰਗਲੈਂਡ ਵਿੱਚ 23 ਸਾਲਾਂ ਬਾਅਦ ODI ਲੜੀ ਜਿੱਤਣ ਦੀ ਵਧਾਈ। ਭਾਰਤੀ ਨੇ ਦੂਜੇ ਮੈਚ ਵਿੱਚ ਇੰਗਲੈਂਡ ਨੂੰ 88 ਦੌੜਾਂ ਨਾਲ ਹਰਾ ਕੇ 2-0 ਦੀ ਲੀਡ ਬਣਾਈ। 333 ਦੌੜਾਂ ਦੇ ਵਿਸ਼ਾਲ ਸਕੋਰ ਵਿੱਚ ਕਪਤਾਨ @ImHarmanpreet (143*) ਤੇ @imharleenDeol (58) ਨੇ 113 ਦੌੜਾਂ ਦੀ ਸਾਂਝੇਦਾਰੀ ਹੋਈ। ਦੋਵਾਂ ਨੂੰ ਮੁਬਾਰਕਾਂ। pic.twitter.com/7Lb129ogUA
— Gurmeet Singh Meet Hayer (@meet_hayer) September 22, 2022
खेल मंत्री ने अपने ट्विटर हैंडल पर भारतीय महिला टीम की जीत पर बंधाई संदेश लिखा है। मीत हेयर ने लिखा कि 23 साल बाद इंग्लैंड में वनडे सीरीज जीतने पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई। भारत ने दूसरे मैच में इंग्लैंड को 88 रन से हराकर 2-0 की बढ़त बना ली है। उन्होंने लिखा कि भारतीय टीम ने कप्तान हरमनप्रीत के नाटआउट 143 रन और हरलीन देयोल के 58 रन की पारी की वजह से टीम ने 333 रन का विशाल स्कोर बनाया था। हरमनप्रीत और हरलीन देयोल ने 113 रनों की पार्टनरशिप की बदौलत भारतीय महिला टीम इतना बड़ा स्कोर बना पाई, जो काबिल-ए-तारीफ है।
बता दें कि भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत और हरलीन देयोल दोनों खिलाड़ी पंजाब की रहने वाली हैं। कप्तान हरमनप्रीत का परिवार पंजाब के मोगा में रहता है। हरमनप्रीत का पूरा नाम हरमनप्रीत कौर भुल्लर है। वहीं हरलीन देयोल पंजाब के खरड़ की रहने वाली हैं। हालांकि हरलीन देओल हिमाचल प्रदेश महिला क्रिकेट टीम की तरफ से खेलती हैं।