लुधियाना के गांव जैनपुर का सरपंच चंडीगढ़ में गिरफ्तार, जिगाना समेत दो पिस्टल बरामद; कार दीवार से टकराने पर घायल
पंजाब यूनिवर्सिटी के पास कार दुर्घटना में घायल हुए लुधियाना के सरपंच बाल कृष्ण के पास से जिगाना समेत दो अवैध पिस्टल और 19 कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, उसके खिलाफ पहले से भी मामले दर्ज हैं।

लुधियाना जिले के गांव जैनपुर का सरपंच पिस्टल और कारतूस समेत चंडीगढ़ में गिरफ्तार। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
दो अवैध पिस्टल और 19 कारतूस बरामद किए गए।
मारपीट और झगड़े के तीन मामले पहले से हैं दर्ज।
बोला-गांव के कई लोगों के साथ दुश्मनी चल रही।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के सेक्टर-14 स्थित ब्लाॅक-ए में कार दीवार से टकराने पर घायल ड्राइवर बाल कृष्ण के पास से जिगाना समेत दो अवैध पिस्टल और 19 कारतूस बरामद हुए थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित पंजाब के लुधियाना जिले के गांव जैनपुर का सरपंच है।
सेक्टर-11 थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बुधवार शाम पंजाब नंबर की कार पंजाब यूनिवर्सिटी के पास दीवार से टकरा गई थी। हादसे में चालक बाल कृष्ण घायल हो गया था और उसे इलाज के लिए जीएमएसएच-16 में भर्ती करवाया गया।
जांच के दौरान उसके कब्जे से दो पिस्टल, तीन मैगजीन और 19 कारतूस बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में बाल कृष्ण ने बताया कि सरपंच होने के कारण गांव के कई लोगों के साथ उसकी दुश्मनी चल रही । इसी के चलते उसने आत्मरक्षा के लिए हथियार रखे हुए थे।
आरोपित का संबंध शिरोमणि अकाली दल से भी है। उसके खिलाफ पहले से मारपीट और झगड़े के तीन मामले दर्ज हैं। इस मामले में सेक्टर-11 थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 281 और आर्म्स एक्ट की धाराओं 25, 54 और 59 के तहत केस दर्ज किया है।